
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर में रेण नदी के ढोघट घाट पर डूबने से चार लोगों की मौत ने दो परिवारों को उजाड़ दिया। रविवार को मृतकों के स्वजन बिहार के कटिहार से पहुंचे तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चीख-पुकार मच गई।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव स्वजन को सौंप दिए। दो सगे भाइयों के शव अंतिम संस्कार के लिए बनारस ले जाए गए, जबकि पिता-पुत्र के शव गाजीपुर ले जाए गए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर शोक व्यक्त किया है। हादसा शनिवार सुबह सरस्वतीपुर के कोन्हाखार के पास रेण नदी के ढोघट घाट पर हुआ था।
स्नान करने उतरे विवेक कुमार सिंह (45), उनके पुत्र अभिजीत सिंह (20) और जितेंद्र सिंह के दोनों पुत्र गोपाल कृष्ण (13) व कृष्ण गोपाल (14) गहरे पानी में डूब गए थे। दोनों किशोरों के पिता जितेंद्र सिंह सेना के पूर्व जवान हैं। एक साथ दो बेटों को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह भी पढ़ें- रायपुर में पटवारी कार्यालय के ठीक सामने पाट दी सरकारी नहर, अवैध प्लॉटिंग का बड़ा खेल उजागर