डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अक्टूबर का एक सप्ताह बीत चुका है। साल 2026 खत्म होने में अब सिर्फ दो महीने बाकी हैं। ऐसे में जिन उम्मीदवारों का सरकारी नौकरी पाने का सपना अभी तक पूरा नहीं हो पाया है, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। साल के आखिरी महीनों में भी कई विभागों और सरकारी संस्थानों में बड़ी संख्या में भर्तियां जारी हैं।
अक्टूबर में ही करीब 60 हजार से अधिक पदों पर भर्ती के अवसर सामने आए हैं। इनमें रेलवे, शिक्षक, पुलिस, बैंकिंग, असिस्टेंट प्रोफेसर और अप्रेंटिसशिप सहित कई क्षेत्रों में नौकरियां शामिल हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी जारी रखते हुए पात्रता के अनुसार नई भर्तियों के लिए आवेदन करते रहना चाहिए।
यूपी में 12,405 प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती
उत्तर प्रदेश में प्राथमिक शिक्षक बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी भर्ती चल रही है। यूपी के शहरी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के 11,508 पद, अशासकीय सहायता प्राप्त बाल विद्यालयों में 473 पद और सहायक अध्यापक संबंध प्राइमरी अशासकीय सहायता प्राप्त बालिका विद्यालयों में 424 पदों पर भर्ती होगी। इस तरह कुल 12,405 पद भरे जाएंगे।
ग्रेजुएशन के साथ बीटीसी/डीएलएड, दो वर्षीय बीटीसी डिप्लोमा या बीएलएड जैसी निर्धारित योग्यता और टीईटी/सीटीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 है। अभ्यर्थी यूपीईएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
बिहार में 33,320 शिक्षकों की भर्ती
बिहार में भी शिक्षक बनने का बड़ा मौका है। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की ओर से टीआरई 4.0 के तहत 33,320 विद्यालय अध्यापक पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसमें कक्षा एक से पांच, कक्षा छह से आठ, कक्षा नौ से 10 और कक्षा 11 से 12 तक के शिक्षक पद शामिल हैं। योग्य अभ्यर्थी 26 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए सामान्य, ओबीसी, एससी/एसटी/पीएच और अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित शुल्क 100 रुपये है। आवेदन बीपीएससी की वेबसाइट से किया जा सकता है।
रेलवे में पैरामेडिकल के 590 पद
मेडिकल क्षेत्र की पढ़ाई कर चुके उम्मीदवारों के लिए रेलवे में सरकारी नौकरी का अवसर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने पैरामेडिकल कैटेगरी में 590 पदों पर भर्ती निकाली है। इसमें नर्सिंग सुपरिटेंडेंट, डायलिसिस टेक्नीशियन, हेल्थ एंड मलेरिया इंस्पेक्टर ग्रेड-सेकंड, आडियोलॉजी एंड स्पीच थेरेपिस्ट, फार्मासिस्ट, रेडियोग्राफर/एक्स-रे टेक्नीशियन और ईसीजी टेक्नीशियन सहित विभिन्न पद शामिल हैं।
योग्य अभ्यर्थी 14 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर है।
मध्य प्रदेश में एएसआई-सूबेदार के 655 पद
मध्य प्रदेश में कांस्टेबल भर्ती के साथ सूबेदार और असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर के पदों पर भी भर्ती चल रही है। इस भर्ती में सूबेदार स्टेनो जनरल ब्रांच, सूबेदार स्टेनो स्पेशल ब्रांच, एएसआई मिनिस्ट्रियल, एएसआई मिनिस्ट्रियल स्पेशल ब्रांच और एएसआई क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट सहित कुल 655 पद हैं। आवेदन की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर 2026 है। अभ्यर्थी ईएसबी की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
यूपी में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1,926 पद
कॉलेज में शिक्षण के क्षेत्र में करियर बनाने वाले अभ्यर्थियों के लिए उत्तर प्रदेश में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती चल रही है। को-एजुकेशनल और महिला कॉलेजों में 1,926 पद भरे जाएंगे। हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, भौतिकी, रसायन, गणित, कामर्स, बाटनी और इतिहास सहित 42 विषयों में रिक्तियां हैं।
संबंधित विषय में 55 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर डिग्री और नेट/सेट/स्लेट जैसी निर्धारित योग्यता वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अंतिम तिथि सात अक्टूबर है।
यूपी में पीजीटी के 2,607 पद
उत्तर प्रदेश में पोस्ट ग्रेजुएट टीचर यानी पीजीटी के 2,607 पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया चल रही है। हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स, इतिहास, भूगोल और नागरिक शास्त्र सहित 26 विषयों में पद भरे जाएंगे।
बाल विद्यालय और बालिका विद्यालयों में होने वाली इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 17 अक्टूबर तक चलेगी। निर्धारित योग्यता रखने वाले उम्मीदवार इस दौरान ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कैनरा बैंक में 3,500 अप्रेंटिस
बैंकिंग सेक्टर में करियर शुरू करने वाले फ्रेशर्स के लिए कैनरा बैंक ने 3,500 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती निकाली है। किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन करने वाले और 20 से 28 वर्ष की आयु वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। अप्रेंटिसशिप के दौरान उम्मीदवारों को मासिक स्टाइपेंड भी मिलेगा।
इस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को बैंकिंग सेक्टर का व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर है।