
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए परीक्षा शुल्क में बदलाव किया है। इसमें पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। प्रस्तावित नई दरें नवंबर 2026 से होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं में लागू होंगी। इसका असर विश्वविद्यालय से जुड़े तीन से चार लाख विद्यार्थियों पर पड़ेगा।
स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए विद्यार्थियों को 1995 रुपये और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए 3733 रुपये शुल्क देना होगा। हालांकि नियमित, स्वाध्यायी और एटीकेटी विद्यार्थियों के लिए शुल्क की दरें अलग-अलग निर्धारित की गई हैं। फीस में बदलाव के कारण विद्यार्थियों पर 60 से 90 रुपये तक का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने का अनुमान है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक कोविड-19 महामारी के दौरान विद्यार्थियों को राहत देने के लिए वर्ष 2024 तक परीक्षा शुल्क में बदलाव नहीं किया गया था। इसके बाद विश्वविद्यालय की आर्थिक स्थिति और आय के स्रोतों में भी बदलाव आया। खरगोन में क्रांतिसूर्या टंट्या भील विश्वविद्यालय बनने के बाद डीएवीवी से करीब 80 कॉलेज अलग हो गए।

यह भी पढ़ें- इंदौर में MGM मेडिकल कॉलेज की वेबसाइट की सुरक्षा में सेंध, 15 मिनट तक दिखी अश्लील वीडियो, डीन का हैकिंग से इनकार
इससे इन कॉलेजों में पढ़ने वाले लगभग 80 से 90 हजार विद्यार्थियों की फीस से होने वाली आय पर असर पड़ा। वर्तमान में विश्वविद्यालय से इंदौर, धार और झाबुआ के 180 कॉलेज संबद्ध हैं। कुलसचिव प्रज्वल खरे के मुताबिक विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा शुल्क अधिक नहीं बढ़ाया गया है।
यह भी पढ़ें- DAVV Indore: पीएचडी की खाली सीटों का एचओडी को देना होगा ब्यौरा, दिसंबर में एडमिशन प्रोसेस