
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए आयोजित अतिरिक्त कालेज लेवल काउंसिलिंग (सीएलसी) राउंड में उपलब्ध रिक्त सीटों पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया। यह प्रक्रिया 14 अगस्त शाम पांच बजे तक संचालित होगी। विभाग ने इसे प्रवेश का अंतिम अवसर घोषित किया है। अतिरिक्त सीएलसी में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है।
विद्यार्थियों को प्रवेश पोर्टल पर संबंधित महाविद्यालयों और पाठ्यक्रमों में उपलब्ध रिक्त सीटों की जानकारी दी गई। सीट उपलब्ध होने पर विद्यार्थी संबंधित महाविद्यालय पहुंचकर दस्तावेजों का सत्यापन करा रहे हैं। सत्यापन के बाद निर्धारित शुल्क जमा करते ही उसी दिन प्रवेश दिया जा रहा है।
इस चरण में प्रवेश केवल उन्हीं पाठ्यक्रमों और महाविद्यालयों में दिया जा रहा है, जहां सीटें रिक्त हैं। विद्यार्थियों के लागिन के साथ संबंधित महाविद्यालय के लागिन पर भी सीटों की स्थिति प्रदर्शित की गई। इससे विद्यार्थियों को अपनी पसंद के कालेज में उपलब्ध सीट की जानकारी जुटाने में आसानी हुई। नए विद्यार्थियों को इस चरण में केवल एक महाविद्यालय में पंजीयन की सुविधा दी गई।
महाविद्यालयों में बनाए गए हेल्प सेंटर विद्यार्थियों के लिए खासे उपयोगी रहे। यहां पंजीयन, रिक्त सीटों, दस्तावेज सत्यापन और शुल्क जमा करने से संबंधित जानकारी दी गई। जिन विद्यार्थियों को आनलाइन प्रक्रिया में परेशानी हुई, उन्हें भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
अतिरिक्त सीएलसी में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों ने इसे राहत देने वाला कदम बताया। रवि ने बताया कि पहले चरण में प्रवेश नहीं मिलने से वह चिंतित था। रिक्त सीट की जानकारी मिलने के बाद वह संबंधित महाविद्यालय पहुंचा और दस्तावेज सत्यापन व शुल्क जमा करने के बाद प्रवेश मिल गया। उसके अनुसार अतिरिक्त सीएलसी नहीं होता तो इस सत्र में प्रवेश मुश्किल था।
स्नातकोत्तर में प्रवेश लेने वाली नेहा ने बताया कि वह निर्धारित समय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाई थी। अतिरिक्त सीएलसी में सीट उपलब्ध होने की जानकारी मिलने के बाद कालेज पहुंचकर दस्तावेज जमा किए और हेल्प सेंटर की मदद से प्रवेश पूरा कराया। उसने कहा कि अंतिम चरण उन विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी रहा, जो किसी कारण से पहले प्रवेश नहीं ले सके।
अतिरिक्त सीएलसी चरण पूरा होने के बाद स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी। निर्धारित समय सीमा के बाद नए प्रवेश मान्य नहीं होंगे। महाविद्यालयों द्वारा प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का रिकार्ड पोर्टल पर अपडेट किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में पार्सल बुकिंग बंद, जबलपुर से सामान भेजने वालों को करना होगा इंतजार