
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय ने स्नातक तृतीय वर्ष के परीक्षा फार्म भरने से वंचित रह गए विद्यार्थियों को अंतिम अवसर दिया है। बीए, बीकाम, बीएससी और बीएससी होम साइंस की परीक्षा में शामिल होने वाले पात्र विद्यार्थियों के लिए आवेदन की संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है। विद्यार्थियों के पास सामान्य शुल्क के साथ परीक्षा फार्म जमा करने के लिए अब नौ दिन शेष हैं।
इसकी अंतिम तिथि 22 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसके बाद आवेदन करने पर विद्यार्थियों को विलंब शुल्क चुकाना होगा। विश्वविद्यालय की अधिसूचना के अनुसार, 23 अक्टूबर को 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फार्म जमा किए जा सकेंगे। 24 अक्टूबर को विलंब शुल्क बढ़कर 1000 रुपये हो जाएगा। वहीं, 27 अक्टूबर तक आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को 2000 रुपये विलंब शुल्क देना होगा।
महाविद्यालयों और अध्ययनशालाओं को जांच के बाद परीक्षा फार्म विश्वविद्यालय कार्यालय में भेजने के लिए 28 अक्टूबर तक का समय दिया गया है। एबीसी आईडी अनिवार्य विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि अकादमिक बैंक आफ क्रेडिट (एबीसी) में पंजीयन के बिना परीक्षा फार्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
विद्यार्थियों को आवेदन में एबीसी आईडी दर्ज करनी होगी। महाविद्यालयों के प्राचार्यों और संबंधित विभागाध्यक्षों को आईडी का सत्यापन करना होगा। परीक्षा फार्म के साथ एबीसी आईडी की कंप्यूटर से निकाली गई प्रति लगाना भी अनिवार्य है। विद्यार्थियों को आवेदन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करनी होगी।
परीक्षा फार्म भरने के लिए नियमित, भूतपूर्व और पूरक विद्यार्थियों की श्रेणी के अनुसार शुल्क निर्धारित किया गया है। बीए, बीकॉम और बीएससी के नियमित विद्यार्थियों को परीक्षा आवेदन, परीक्षा शुल्क और विश्वविद्यालयीन शुल्क सहित कुल 2186 रुपये जमा करने होंगे। भूतपूर्व विद्यार्थियों के लिए यह राशि 1026 रुपये निर्धारित की गई है।
निजी विद्यार्थियों के लिए नियमित श्रेणी में 2297 रुपये और भूतपूर्व श्रेणी में 2632 रुपये शुल्क तय किया गया है। एक विषय की पूरक परीक्षा के लिए शुल्क 1026 रुपये है। बीएससी होम साइंस के नियमित विद्यार्थियों को कुल 2816 रुपये और भूतपूर्व विद्यार्थियों को 1026 रुपये जमा करने होंगे।
निजी विद्यार्थियों के लिए नियमित श्रेणी में 2795 रुपये, भूतपूर्व श्रेणी में 3115 रुपये और एक विषय की पूरक परीक्षा के लिए 1026 रुपये शुल्क निर्धारित है। प्रायोगिक विषय लेने वाले विद्यार्थियों को 400 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। इसके अलावा महाविद्यालयीन भाग के रूप में 215 रुपये प्रति विद्यार्थी जमा करना होगा।
यह भी पढ़ें- कागजों तक सिमटी जीवाजी विश्वविद्यालय की प्लेसमेंट सेल, 6 साल से कैंपस में नहीं आई कोई कंपनी