
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिजियोथेरेपी (बीपीटी) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए दूसरे चरण की काउंसिलिंग के तहत आवंटित सीटों पर प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब अभ्यर्थी 22 अक्टूबर तक दस्तावेजों का सत्यापन कराकर प्रवेश ले सकेंगे।
चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने दूसरे चरण में 279 अभ्यर्थियों को सीटों का आवंटन किया है। प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश के शासकीय और निजी महाविद्यालयों में 163 सीटें रिक्त थीं।
छत्तीसगढ़ में सात शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय संचालित हैं। इनमें प्रत्येक महाविद्यालय में 50 सीटें हैं। इस तरह शासकीय महाविद्यालयों में कुल 350 सीटें हैं। वहीं दुर्ग स्थित अपोलो कालेज ऑफ फिजियोथेरेपी में 69 सीटें निर्धारित हैं। इनमें राज्य की 30, प्रबंधन की 30 व एनआरआइ कोटे की नौ सीटें शामिल हैं। इस तरह प्रदेश में बीपीटी कोर्स की कुल प्रवेश क्षमता 419 सीटें है।
चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार 20 अक्टूबर को घोषित अवकाश के कारण प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। अब 22 अक्टूबर को शाम चार बजे तक दस्तावेजों का सत्यापन और शाम पांच बजे तक प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 20 अक्टूबर को अवकाश रहेगा, जबकि अन्य निर्धारित दिनों में प्रवेश प्रक्रिया जारी रहेगी।
चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की ओर से 12 अक्टूबर को जारी रिक्त सीटों की सूची के अनुसार, दूसरे चरण की काउंसिलिंग से पहले शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय रायपुर में 19, जशपुर में 18, मनेंद्रगढ़ में 22, बिलासपुर में 15, रायगढ़ में 13, दुर्ग में 14 और जगदलपुर में 14 सीटें रिक्त थीं। वहीं दुर्ग स्थित अपोलो कॉलेज आफ फिजियोथेरेपी में 48 सीटें खाली थीं। इस तरह कुल 163 सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बाली में हादसे के बाद नुसरत भरूचा को स्पाइनल फ्रैक्चर, जानिए रीढ़ की चोट के 6 ऐसे लंबे असर जो उड़ा देंगे आपके होश
शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालयों में सीट आवंटित होने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन और प्रवेश शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, रायपुर में होगा। वहीं, निजी महाविद्यालय में सीट आवंटित होने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित संस्था में ही प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अभ्यर्थी प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in और https://cgdme.admissions.nic.in/ पर देख सकते हैं।
यह भी पढ़ें- घुटनों से जुड़ी समस्या में जोड़ की कार्टिलेज घिसने लगती है, आराम दिला सकती है फिजियोथेरेपी