
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। लगातार मेहनत और एकाग्रता के साथ किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है। इस बात की बानगी रविवार को घोषित कंपनी सेक्रेटरी एग्जीक्यूटिव एंट्रेंस टेस्ट के परिणाम में देखने को मिली। परीक्षा में इंदौर के विद्यार्थियों ने न सिर्फ सफलता प्राप्त की है, बल्कि ऑल इंडिया रैंक में भी जगह बनाई है।
परीक्षा अक्टूबर 2026 में आयोजित की गई थी। इसमें मध्य प्रदेश से 728 और इंदौर से 390 परीक्षार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। इंदौर परीक्षा केंद्र से आंचल ठाकुर ने चार, मानसी भसीन ने 21 और इविता अग्रवाल ने 24 आल इंडिया रैंक प्राप्त की।
आंचल ठाकुर की आल इंडिया रैंक चार है। वे बताती हैं कि परीक्षा में सफलता के लिए टेस्ट सीरीज और सेल्फ स्टडी की मदद ली। वे नियमित यूट्यूब पर लेक्चर भी देखती थीं। साथ ही पढ़ाई के दौरान हर टॉपिक पर बराबर ध्यान दिया। तैयारी के दौरान अकाउंट्स उन्हें सबसे कठिन विषय लगा।
इस विषय के कांसेप्ट समझने में उन्हें समय लगता था। ऐसे में उन्होंने अकाउंट्स की खूब प्रैक्टिस की। बिजनेस कम्युनिकेशन में भी फार्मेट समझने में थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन लगातार प्रैक्टिस से इसे भी आसान कर दिया।
सीएस परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 21 हासिल करने वाली मानसी भसीन ने अपनी तैयारी में समय का सही उपयोग करने पर जोर दिया। ऑनलाइन लेक्चर की मदद ली। पढ़ाई के दौरान इस बात का ध्यान रखा कि कोई भी लेक्चर छूटे नहीं और बैकलाग न बने। पढ़ाई पर पूरा फोकस करने के लिए सोशल मीडिया से भी दूरी बना ली।
जिस टैब से पढ़ाई करती थीं, उसमें सोशल मीडिया का कोई अकाउंट नहीं रखा। इकोनामिक्स उन्हें सबसे कठिन विषय लगता था। इसके लिए उन्होंने शार्ट नोट्स बनाए और तारीखों व तथ्यों को रोज पढ़ा।
इविता अग्रवाल ने आल इंडिया रैंक 24 प्राप्त की है। वे बताती हैं कि उनकी शुरुआत से ही कारपोरेट ला में रुचि रही है। इसी रुचि के चलते उन्होंने 12वीं के बाद सीए के बजाय कंपनी सेक्रेटरी बनने का फैसला किया। सफलता के लिए आनलाइन लेक्चर की मदद ली।
कॉरपोरेट गवर्नेंस और एनवायरनमेंटल गवर्नेंस के हिस्से में उन्हें ज्यादा परेशानी हुई। शार्ट नोट्स और माइंड मैप बनाए, ताकि विषयों को आसानी से समझने और परीक्षा से पहले दोहराने में मदद मिल सके। पढ़ाई के दौरान एआइ टूल्स की भी मदद ली।
कंपनी सेक्रेटरी एग्जीक्यूटिव एंट्रेंस टेस्ट एक फरवरी से चार फरवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा। इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन नामांकन आवेदन और निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 16 नवंबर 2026 से शुरू होगी।
यह भी पढ़ें- MPPSC Exam: साल 2027 में दो मौके; जनवरी में रेगुलर और मई में होगी विशेष परीक्षा
यह भी पढ़ें- दिसंबर में होगी एनटीईटी परीक्षा, आयुष पीजी डिग्री धारी ही दे सकेंगे