
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय की इन दिनों स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा चल रही है। इस दौरान कुछ विद्यार्थियों ने दूर परीक्षा केंद्र बनाने पर आपत्ति दर्ज कराई है। छात्र-छात्राओं को उनके कालेज से 25 से 30 किमी दूर परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिए हैं। परेशानी ये है कि इन केंद्रों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन भी उपलब्ध नहीं है।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए विद्यार्थियों को लंबा सफर तय करना पड़ता है। दो से ढाई किमी पैदल चलने के बाद वाहन मिलते हैं। ये दिक्कतें स्कूल ऑफ सोशल वर्क, जीएसीसी और कुछ निजी कॉलेजों के विद्यार्थियों को आ रही हैं, क्योंकि इनका केंद्र जैन श्वेतांबर कालेज बनाया गया है। यहां 500 से अधिक विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं। इनमें धार, देवास और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थी भी शामिल हैं।
विद्यार्थियों के मुताबिक एयरपोर्ट चौराहे तक तो बस, ऑटो और अन्य साधन मिल जाते हैं, लेकिन इसके आगे कॉलेज तक पहुंचने के लिए नियमित परिवहन सुविधा नहीं है। ई-रिक्शा और ऑटो ड्राइवर मनमाना किराया मांगते हैं। कई बार किराया देने के बावजूद चालक पूरी दूरी तय नहीं करते और विद्यार्थियों को बीच रास्ते में उतार देते हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर के डीएवीवी ने 5 प्रतिशत बढ़ाई सेमेस्टर परीक्षा की फीस, तीन लाख विद्यार्थियों पर बढ़ेगा बोझ
ऐसे में परीक्षा का समय नजदीक होने पर उन्हें पैदल ही केंद्र तक पहुंचना पड़ता है। विद्यार्थियों का कहना है कि विश्वविद्यालय को परीक्षा केंद्र तय करते समय केवल कालेजों की उपलब्धता नहीं, बल्कि उनकी दूरी और परिवहन सुविधा का भी ध्यान रखना चाहिए। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशेष तिवारी का कहना है कि आगामी परीक्षा में कम दूरी वाले केंद्र आवंटित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- इंदौर DAVV में बदलेगा पढ़ाई का ढर्रा, इंडस्ट्री की जरूरत के मुताबिक शुरू होंगे नए कोर्स