
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जीवाजी विवि ने डीफार्मा (डिप्लोमा इन फार्मेसी) प्रथम और द्वितीय वर्ष की पूरक परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए परीक्षा आवेदन भरने की तारीखें घोषित कर दी हैं। विवि ने 27 अक्टूबर को जारी अलग-अलग अधिसूचनाओं में आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख तीन नवंबर निर्धारित की है।
विद्यार्थियों को नियमित शुल्क संग आवेदन करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद विलंब शुल्क संग आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। विवि के अनुसार प्रथम वर्ष की अगस्त-सितंबर 2026 की पूरक परीक्षा और द्वितीय वर्ष की अगस्त-सितंबर 2025 की पूरक परीक्षा के लिए ये निर्देश जारी किए गए हैं। दोनों परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया और शुल्क की समय-सीमा समान रखी गई है।
नियमित शुल्क संग आवेदन तीन नवंबर तक संबंधित महाविद्यालय या अध्ययनशाला में जमा किए जा सकेंगे। इसके बाद चार नवंबर को 500 रुपये, पांच नवंबर को 1000 रुपये और छह नवंबर को 2000 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख निर्धारित की गई है। महाविद्यालयों को जांच के बाद आवेदन विवि कार्यालय भेजने के लिए सात नवंबर तक का समय दिया गया है।
विवि ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों का एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (एबीसी) में पंजीकरण अनिवार्य है। एबीसी आईडी के बिना परीक्षा आवेदन विवि को नहीं भेजे जा सकेंगे और ऐसे आवेदन मान्य नहीं होंगे। आवेदन में एबीसी आईडी दर्ज करने संग उसकी कंप्यूटर जनरेटेड प्रति हार्ड कापी के साथ लगानी होगी।
संबंधित महाविद्यालय के प्राचार्य को विद्यार्थी की पात्रता, विषय और एबीसी आईडी का सत्यापन करना होगा। विवि ने इसे अंतिम अवसर बताते हुए निर्धारित समय-सीमा में आवेदन जमा करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- कागजों तक सिमटी जीवाजी विश्वविद्यालय की प्लेसमेंट सेल, 6 साल से कैंपस में नहीं आई कोई कंपनी
अधिसूचना के अनुसार एक विषय की पूरक परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को कुल 1010 रुपये जमा करने होंगे। इसमें 630 रुपये परीक्षा शुल्क, 80 रुपये परीक्षा आवेदन शुल्क, 50 रुपये अग्रेषण शुल्क और 250 रुपये परीक्षा संचालन शुल्क शामिल हैं।
आवेदन पत्र और चालान ऑनलाइन उपलब्ध कराए गए हैं। महाविद्यालय से आवेदन स्वीकृत होने के बाद इन्हें एमपी ऑनलाइन से डाउनलोड कर शुल्क किसी भी एमपी ऑनलाइन कियोस्क पर जमा किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- जीवाजी विश्वविद्यालय से संबद्ध 50 से अधिक प्राइवेट कॉलेज दो साल में हुए बंद, कई संस्थानों ने खत्म किए कोर्स