
MP Congress Candidate First List : धनंजय प्रताप सिंह, वैभव श्रीधर भोपाल। नवरात्र के पहले दिन नौ का अंक शुभ मानते हुए सुबह नौ बजकर नौ मिनट पर शुभ मुहूर्त में कांग्रेस ने रविवार को 144 (शुभ अंक-कुल योग नौ) प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। 17 नवंबर को मप्र में होने वाले विधानसभा चुनाव में कमल नाथ को छिंदवाड़ा से प्रत्याशी बनाया गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह चुनाव नहीं लड़ेंगे पर उनके बेटे जयवर्धन सिंह राघौगढ़, भाई लक्ष्मण सिंह चाचौड़ा और भतीजे प्रियव्रत सिंह खिलचीपुर से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस की सूची में ज्यादातर नाम परंपरागत ही हैं।
कांटे से कांटा की रणनीति
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को टक्कर देने के लिए बुदनी निवासी रामायण सीरियल में हनुमान की भूमिका अदा करने वाले विक्रम मस्ताल को चुनाव में उतारा है। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के खिलाफ लाखन सिंह पटेल को टिकट दी है। कांटे से कांटा की रणनीति के तहत गृह मंत्री डा नरोत्तम मिश्रा के विरुद्ध भाजपा से कांग्रेस में आए कद्दावर नेता अवधेश नायक को दतिया से टिकट दिया है। इसी रणनीति के तहत सुरखी से राजस्व और परिवहन मंत्री गोविंद सिंह के खिलाफ भाजपा छोड़कर आने वाले नीरज शर्मा को टिकट दिया है। इंदौर एक से भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ संजय शुक्ला को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है।
सामान्य श्रेणी की 52 सीटों पर टिकट घोषित
मप्र विधानसभा में 230 में से अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित 47 सीटों में से 30 और अनुसूचित जाति की 35 में से 22 सीटों पर भी प्रत्याशी घोषित कर दिए। सामान्य श्रेणी की 52 सीटों पर भी कांग्रेस ने टिकट घोषित कर दिए। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और कुछ सिंधिया समर्थकों के खिलाफ कांग्रेस ने प्रत्याशियों के नाम अभी घोषित नहीं किए हैं। उधर, टिकट घोषित होते ही विरोध भी शुरू हो गया है। कई पदाधिकारियों ने त्यागपत्र भी दे दिए हैं।
नए चेहरे मात्र 20, ओबीसी को 27 प्रतिशत टिकट
मौजूदा 96 में से 69 विधायकों को एक बार और अवसर दिया गया है। वहीं, 20 नए चेहरों पर भी पार्टी ने दांव लगाया है। 15 पूर्व विधायक भी चुनाव लड़ेंगे। अन्य दलों से आए तेरह नेताओं को भी कांग्रेस ने समायोजित किया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) के 39 प्रत्याशियों को भी तरजीह दी है। मौजूदा सूची में देखा जाए तो ओबीसी को 27 प्रतिशत टिकट दी गई है। भाजपा ने अब तक जारी 136 प्रत्याशियों में 29 प्रतिशत ओबीसी को स्थान दिया गया है। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाते हुए कांग्रेस ने 19 को टिकट दिए हैं।
कांतिलाल भूरिया सहित छह विधायकों का टिकट कटा
कांतिलाल भूरिया सहित छह विधायकों के टिकट काटे गए हैं। हाल ही में भाजपा में शामिल हुए सचिन बिरला की सीट बड़वाह में भी नया प्रत्याशी घोषित कर दिया। भूरिया की जगह झाबुआ से उनके बेटे डा विक्रांत को टिकट दिया है। इसके अलावा कटंगी से टामलाल सहारे, गोटेगांव से नर्मदा प्रसाद प्रजापति, घोडाडोंगरी से ब्रम्हा भलावी और गुन्नौर शिवदयाल बागरी की भी टिकट काटी गई है। वहीं, छह बार पिछोर से विधायक रहे केपी सिंह अब शिवपुरी से चुनाव लड़ेंगे।
कई पुराने चेहरे उतारे
कांग्रेस ने अपनी मौजूदा 96 सीट में 75 सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए। लगातार हारने वाली 66 में से 27 सीट पर भी प्रत्याशियों के नाम जारी कर दिए। पूर्व विधायकों में से मुकेश नायक को पवई, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह चुरहट, रामनिवास रावत विजयपुर, अमरपाटन से पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष डा राजेंद्र कुमार सिंह, मनासा से नरेंद्र नाहटा जैसे बड़े चेहरों को उतारा है।
13 बाहरियों को दिया टिकट
कांग्रेस ने पहली सूची में भाजपा और अन्य दलों से आने वाले 13 नेताओं को भी टिकट दी है। इनमें भाजपा से अवधेश नायक दतिया, बैजनाथ यादव कोलारस, राव यादवेंद्र सिंह यादव मुंगावली, नीरज शर्मा सुरखी और बोधसिंह भगत को कटंगी से टिकट दिया है। समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ चुकी अनुभा मुंजारे को बालाघाट, कपिध्वज सिंह को गुढ़ से टिकट दिया है। बहुजन समाज पार्टी से कैलाश कुशवाह को पोहरी और साहब सिंह गुर्जर को ग्वालियर ग्रामीण से प्रत्याशी बनाया है। प्रजातांत्रिक समाधान पार्टी के कमल सिंह चौहान को आष्टा से प्रत्याशी बनाया है।
पहली सूची में 65 प्रत्याशियों की आयु 50 वर्ष से कम
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा कि हमने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें 65 प्रत्याशी की आयु 50 वर्ष से कम है। 19 महिला प्रत्याशी हैं। हम जो कहते हैं, वह करते हैं। मैं सभी को बधाई देता हूं और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता का आह्वान करता हूं कि कांग्रेस के प्रत्याशियों को सफलता दिलाएं और मध्य प्रदेश में सत्य और न्याय की सरकार स्थापित करें।