Rajasthan Elections 2023 Result Voting Date : एजेंसी, नई दिल्ली। केंद्रीय चुनाव आयोग ने 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। राजस्थान में 200 विधानसभा सीटों के लिए 23 नवंबर को मतदान होगा। वहीं 3 दिसंबर को वोटों की गिनती होगी। आपको बताया दें कि बीते विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 99 सीट पर जीत दर्ज की थी। बाद में बसपा और निर्दलीय के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। राजस्थान का चुनावी इतिहास बताता है कि यहां कोई पार्टी लगातार दो बार सरकार नहीं बना पाई। इस बार भी सबकी नजर इसी तथ्य पर होगी। अशोक गहलोत और कांग्रेस के सामने अपनी सत्ता बचाए रखने की चुनौती है, वहीं भाजपा की कोशिश है कि एक बार फिर सत्ता हासिल की जाए।
राजस्थान में भाजपा ने इस बार अलग रणनीति बनाई है। संकेत हैं कि भाजपा इस बार सीएम फेस के बगैर चुनाव मैदान में उतरेगी। मतलब- किसी भी नेता को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं बनाया जाएगा। चुनाव बाद विधायक दल की बैठक में इस पर फैसला होगा।
मध्य प्रदेश के साथ ही छत्तीसगढ़ में भाजपा इसी रणनीति पर काम करती नजर आ रही है। मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान चुनाव लड़ेंगे या नहीं, यह अब तक तय नहीं है। वहीं नरेंद्र सिंह तोमर और कैलाश विजयवर्गीय जैसे दिग्गज नेताओं को मैदान में उतारा जाना, यही संकेत देता है।
तेलंगाना में विधानसभा की कुल 119 सीटें हैं। यहां एक चरण में चुनाव करवाया जा सकता है। तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा, सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने वाला है।
2018 में हुए विधानसभा चुनाव में बीआरएस 119 में से 88 सीटें जीतने में कामयाब रही थी और उसका वोट शेयर 47.4 प्रतिशत था। कांग्रेस 19 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही। उसका वोट शेयर 28.7 फीसदी था।
मिजोरम की सभी 40 सीटों पर एक चरण में मतदान होगा। पिछले विधानसभा चुनाव में मिजो नेशनल फ्रंट 37.8 फीसदी वोट शेयर के साथ 26 सीटें जीतने में कामयाब रही थी। कांग्रेस ने 5 सीटें हासिल की थीं, जबकि बीजेपी को एक सीट मिली थी।