नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कहते है जो लोग फल नहीं खाते फिर उन्हें अस्पताल में देखने रिश्तेदार फल लेकर जाते हैं। जी हां, हमारे शरीर के लिए जैसे जल, अग्नि और वायु की आवश्यकता होती है, वैसे ही फलों की भी जरूरत होती है। फल खाने से हमारे शरीर को ऊर्जा मिलती है, हमारी सेहत अच्छी रहती है और बीमारियां तो कोसों दूर भाग जाती हैं।
हमारे शरीर को कई विटामिन की जरूरत पड़ती है जो कि मौसमी फलों में होती है। इन दिनों तरबूज, खरबूजा, आम, लीची, पपीता, अन्नानास, जामुन और संतरा की बहार है। यह फल शरीर को हाइड्रेटेड रखने, गर्मी से राहत देने और विभिन्न पोषक तत्वों को प्रदान करने में मदद करते हैं।
चेरी एक गुठलीदार फल है, जिसका वैज्ञानिक नाम प्रूनस एवियम है। यह फल खट्टा-मीठा होता है और इसका उपयोग कई प्रकार के व्यंजनों में किया जाता है, जैसे कि केक, टार्ट, पीज और चीजकेक। चेरी में विटामिन सी, पोटेशियम, फाइबर, थाईमिन, राइबोफ्लेविन, विटामिन बी, विटामिन ए, विटामिन के, विटामिन ई, विटामिन बी-6, मैग्नीज, कापर, आयरन, कैल्शियम और फास्फोरस जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। वहीं चेरी में एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं जो ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। वहीं, इसमें फाइबर की मात्रा अधिक होती है, जो पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में मदद करता है।
गर्मी के सीजन में कई प्रकार के आम आते हैं। जिनमें से कुछ लोकप्रिय हैं जैसे दशहरी, लंगड़ा, चौसा, फजली, अल्फांसो और नीलम। हर जगह आम की कई किस्में पाई जाती हैं, जो स्वाद आकार और रंग में अलग होती हैं। इनमें एक है दशहरी, जो उत्तर भारत की एक लोकप्रिय किस्म है, जो मीठी और सुगंधित होती है। लंगड़ा आम जो मीठा-खट्टा और रसीला होता है। चौसा आम जो एक लंबी, गोल आकार की किस्म है, जो बहुत मीठी होती है। सबसे खास है अल्फांसो, यह महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा उगाया जाता है और "आमों का राजा" के रूप में जाना जाता है।
अभी बाजार में जामुन की बहार है। जामुन को इंडियन ब्लैक बेरी भी कहा जाता है। यह खट्टा-मीठा होता है और इसमें विभिन्न पोषक तत्व होते हैं। जामुन को डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद माना जाता है क्योंकि यह रक्त शर्करा को नियंत्रित करने में मदद करता है। जामुन में कम कैलोरी और अधिक फाइबर होता है, जो वजन घटाने में मदद कर सकता है। इसमें फाइबर होता है जो पाचन में मदद करता है और कब्ज से राहत दिलाता है। जामुन में एंटी आक्सीडेंट होते हैं जो शरीर को मुक्त कणों से होने वाले नुकसान से बचाते हैं। जामुन में पोटेशियम होता है जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में भी मदद करता है। वहीं जामुन में टैनिन होते हैं जो दांतों के लिए अच्छे होते हैं और मसूड़ों की सूजन को कम करते हैं।
नाशपाती एक प्रकार का मौसमी फल है, जो दिखने में सेब जैसा लगता है, लेकिन थोड़ा लंबा और गोल होता है। नाशपाती में फाइबर, विटामिन सी और एंटीआक्सीडेंट होते हैं, जो पाचन, प्रतिरक्षा प्रणाली और हृदय के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होते हैं।
इसे भी पढ़ें... बार-बार मीठा खाने की होती है तलब? डॉक्टर से जानें Sugar Cravings पर काबू पाने के 5 आसान उपाय