
लाइफस्टाइल डेस्क। सर्दी के दिनों में बच्चों में सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और गले में संक्रमण की शिकायत बढ़ जाती है। इसका प्रमुख कारण मौसम में बदलाव के साथ ही कई तरह के वायरस का सक्रिय होना है। स्कूल, खेल के मैदान और भीड़भाड़ वाली जगहों पर बच्चों का एक-दूसरे के संपर्क में आना भी संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ाता है। खांसने, छींकने और संक्रमित सतहों को छूने से वायरस एक बच्चे से दूसरे तक पहुंच सकता है।
छोटे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता पूरी तरह विकसित नहीं होने के कारण वे संक्रमण की चपेट में जल्दी आ सकते हैं। बच्चों को संक्रमण से बचाने के लिए उनकी दिनचर्या और खान-पान पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। भोजन में मौसमी फल, हरी सब्जियां, दालें, दूध, दही और पर्याप्त प्रोटीन शामिल करें।
बच्चों को पर्याप्त मात्रा में पानी और पौष्टिक आहार दें। विटामिन और खनिज तत्वों से भरपूर भोजन शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। केवल सर्दी से बचाने के लिए बच्चों को जरूरत से ज्यादा गर्म कपड़े पहनाना जरूरी नहीं है, बल्कि मौसम के अनुसार आरामदायक कपड़े पहनाएं।

यह भी पढ़ें- विटामिन डी की कमी से बढ़ती हैं हड्डियों की समस्याएं, कैल्शियम रिच और प्रोटीन डाइट से मिलेगा फायदा
बच्चों को हाथ धोने, खांसते या छींकते समय मुंह ढंकने और व्यक्तिगत साफ-सफाई की आदत डालें। बीमार होने पर उन्हें स्कूल भेजने से बचें। पर्याप्त नींद और नियमित शारीरिक गतिविधि भी जरूरी है। डाॅ. रितेश पाटीदार, बाल रोग विशेषज्ञ के अनुसार कुपोषण से बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो सकती है।
इसलिए उनके वजन और लंबाई की नियमित निगरानी करें। यदि बच्चे को तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी, सुस्ती या पानी की कमी के लक्षण दिखाई दें तो तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें। बिना डाॅक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक या खांसी-जुकाम की दवाएं न दें।
यह भी पढ़ें- बदलते मौसम के सेहत पर असर के बीच काम की बातें जो बदल देंगी आपका जीवन