अनूपपुर के हाईवे पर कोयला लोड ट्रक पलटा, एक अर्टिगा कार आई चपेट में; एक की मौत और दो घायल
रविवार को फुनगा चौकी अंतर्गत पाली के समीप एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 09:52:46 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 09:52:46 PM (IST)
कई घंटों तक लगा हाईवे पर जाम, नईदुनियाHighLights
- राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ हादसा
- एक सप्ताह में दूसरा सड़क हादसा
- कई घंटों तक लगा हाईवे पर जाम
नईदुनिया प्रतिनिधि,अनूपपुर। जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को फुनगा चौकी अंतर्गत पाली के समीप एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
हादसा उस समय हुआ, जब कोयला लोड एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और उसकी चपेट में आर्टिका कार आ गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाली के पास कोयला लोड ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही आर्टिका कार उसकी चपेट में आ गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जिसकी पहचान नहीं हो सकी है जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हाईवे पर लगी वाहनों की कतारें
हादसे के बाद सड़क पर ट्रक और क्षतिग्रस्त कार के पड़े रहने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्री, राहगीर और वाहन चालक कई घंटों तक जाम में फंसे रहे। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात बहाल करने में काफी समय लगा।
जिले के हाईवे पर एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी दुर्घटना ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के बीच दुर्घटनाओं का बढ़ता सिलसिला चिंता का विषय बनता जा रहा है।