
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बरगी व्यपवर्तन परियोजना की नर्मदा दायीं तट नहर के अंतर्गत निर्माणाधीन टनल में कथित वित्तीय अनियमितताओं और निर्माण में देरी को लेकर हाईकोर्ट ने शासन से तीन सप्ताह में ताजा स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। 26 नवंबर को करीब आधे घंटे चली सुनवाई में वरिष्ठ अधिवक्ता वरुण विवेक तन्खा ने अनुबंधित राशि से अधिक भुगतान, अतिरिक्त निर्माण कार्यों और निर्माण एजेंसी को हुए भुगतानों पर सवाल उठाए।
मुख्य न्यायाधीश अल्पेश यशवंत कोगजे एवं न्यायमूर्ति विवेक जैन की खंडपीठ ने अक्टूबर 2024 की पुरानी रिपोर्ट का संदर्भ देते हुए कहा कि काफी समय बीत चुका है और कार्य में प्रगति हुई है। शासन को नवीनतम स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा उसकी अग्रिम प्रति दूसरे पक्ष को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- राज्य पुलिस को मिले 642 नए आरक्षक, 208 महिला सिपाही शामिल; रायपुर में 76वें बैच की पासिंग आउट परेड
799 करोड़ रुपये का हुआ था टर्नकी अनुबंध
याचिकाकर्ता दिव्यांशु मिश्रा की जनहित याचिका के अनुसार, 26 मार्च 2008 को पटेल इंजीनियरिंग-एसईडब्ल्यू संयुक्त उपक्रम से करीब 799 करोड़ रुपये का टर्नकी अनुबंध हुआ था। 40 माह में कार्य पूरा होना था, लेकिन वर्षों की देरी के बीच 1600 करोड़ रुपये से अधिक भुगतान का आरोप है।
याचिका में 124.77 करोड़ की ग्राउटिंग, कैग की करीब 60 करोड़ रुपये के भुगतान संबंधी आपत्ति, डी-वाटरिंग के नाम पर अतिरिक्त भुगतान और पेनल्टी वसूली की जांच मांगी गई है। याचिकाकर्ता ने कहा कि जनहित याचिका के बाद निर्माण में तेजी आई है। उद्देश्य वित्तीय अनियमितताओं की जांच के साथ मां नर्मदा का जल जल्द कटनी सहित आसपास के जिलों तक पहुंचाना है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में किसानों का एलान, आदान राशि 19257 करने की मांग; धान खरीदी और रकबा कटौती पर करेंगे आंदोलन