नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। हट्टा थाना क्षेत्र में 16-17 नवंबर की रात हुई 20 वर्षीय रियांश पिता दिनेश चौहान की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या की साजिश रियांश की प्रेमिका के भाई आशुतोष पटले (20) और पिता जीवन पटले (46) ने रची थी। आशुतोष ने गांव के ही चार दोस्तों को 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी।
पुलिस ने पिता-पुत्र सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक फरार है। रविवार को पुलिस अधीक्षक मलय जैन ने पुलिस कंट्रोल रूम में पत्रकारवार्ता लेकर अंधे हत्याकांड का खुलासा किया। एसपी जैन ने बताया कि ग्राम नाहरवानी निवासी मृतक रियांश और उसके घर से लगभग 300 मीटर दूर रहने वाले जीवन पटले की पुत्री के बीच दो-तीन वर्षा से प्रेम संबंध थे।
इससे पिता जीवन और भाई आशुतोष नाराज रहते थे। आशुतोष और रियांश एक ही कॉलेज में पढ़ते थे। अपनी बहन से प्रेम संबंध रखने की बात को लेकर कई बार आशुतोष का रियांश से विवाद और मारपीट हो चुकी थी। इसी रंजिश के चलते पिता-पुत्र ने रियांश की हत्या की योजना बनाई।
एक्सीडेंट दिखाने स्कूटी को किया क्षतिग्रस्त
16 नवंबर की रात ग्राम परसपानी में मड़ई थी। स्कूटी से रियांश भी वहां गया था। हत्यारे चारों युवक चौपहिया वाहन से मड़ई पहुंचे और रियांश से बातचीत कर पहले विश्वास जीता, फिर प्रेमिका के संबंध में बातचीत का बहाना बनाकर उसे सुनसान जगह ले गए।
मौका पाते ही युवकों ने रियांश पर लोहे एंगल से वार कर दिया। सिर और माथे पर गहरी चोट लगने से रियांश बेसुध हो गया। युवकों ने दोबारा हमला किया, जिससे रियांश ने दम तोड़ दिया। हत्या को एक्सीडेंट दिखाने के लिए युवकों ने चालाकी दिखाने की कोशिश की।
हत्या वाली जगह से लगभग एक किमी दूर बांधा तालाब के पास सड़क किनारे उसे लिटा दिया और उसकी स्कूटी को पास ही एक छोटे पिलर से टिकाकर क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि पुलिस इसे सड़क दुर्घटना समझे, लेकिन उनकी चालाकी धरी की धरी रह गई।
तीन महीने पहले ही बना ली थी योजना
पुलिस अधीक्षक मलय जैन ने बताया कि पिता-पुत्र ने लगभग तीन महीने पहले ही रियांश की हत्या की साजिश रच ली थी। इसके लिए उन्होंने परसपानी के युवकों को चुना और उनके लिए शराब पर पैसे खर्च किए।
आशुतोष ने उन्हें हत्या करने के लिए 10 लाख रुपये का लालच भी दिया। हालांकि, ये पैसे उन्हें हत्या के बाद भी नहीं मिल पाए। एसपी ने बताया कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम दबिश दे रही है। उसकी गिरफ्तारी से और भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
आरोपितों में विशेष सहयोगी दस्ता का जवान भी
रियांश हत्याकांड में पुलिस ने यश पारधी (20), यश पटले (20), विकास उर्फ बग्गा चाैधरी (27) तीनों निवासी ग्राम परसपानी, आशुतोष पटले (20) और जीवन पटले (46) दोनों निवासी ग्राम नाहरवानी को गिरफ्तार किया है।
इनमें से यश पटले नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत बालाघाट जिले में की गई विशेष सहयोग दस्ते (एसएसयू) का जवान है, जो जघन्य हत्याकांड में शामिल था। एसपी मलय जैन ने बताया कि पुलिस ने उसे बर्खास्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, विकास उर्फ बग्गा पूर्व में भी धारा 307 के तहत दो बार जेल जा चुका है।