
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम सोगलपुर में 14 नवंबर को एक कमरे से मिली डूडेश्वर पिता टीकाराम खोबरागड़े (80) की अधजली लाश मामले में लांजी पुलिस ने हैरान करने वाला खुलासा किया है।
बुजुर्ग डूडेश्वर की मौत की वजह कोई हादसा या आत्महत्या नहीं, बल्कि उसकी हत्या छोटे बेटे अनिल खोबरागड़े ने ही की थी। चलने-फिरने में असमर्थ डूडेश्वर पर अनिल ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और कमरा बंद कर दिया।
अगली सुबह पुलिस को मृतक का जला हुआ शव कमरे के एक कोने में दीवार के सहारे टिका हुआ मिला था। रविवार को लांजी एसडीओपी दीपक तोमर ने बताया कि आरोपित अनिल की पिता के साथ अनबन थी। अनिल, पिता से बातचीत नहीं करता था।
वह पत्नी और पड़ोसी में रहने वाली अपनी बड़ी बहन अनुसुईया वाघमारे को पिता को खाना देने से मना करता था। एसडीओपी के अनुसार, अनिल इस बात से नाराज था कि पिता डूडेश्वर ने बड़ी बहन को जमीन दी है।
यह भी पढ़ें- एमपी में बिजली नेटवर्क सुधारने को मिले 1500 करोड़, पर खर्च हुए महज 96.85 करोड़, नए उपकेंद्रों का काम अटका
वह यह समझता था कि पिता की संपत्ति से उसका हक कम हो गया है। पति से विवाद के बाद अनुसुईया मायके आ गई थी। पिता ने बेटी को घर के बगल में अपनी जमीन दे दी थी, जिसमें घर बनाकर अनुसुईया रहती थी।
एक दिन पहले बनाई हत्या की योजना, ताकि पिता की पेंशन भी मिले
एसडीओपी तोमर के अनुसार, पिता को खाना देने की बात पर आरोपित अनिल का पत्नी और बहन से विवाद हुआ था। अनिल पिता की हत्या की योजना बनाई। वह चाहता था कि पिता की पेंशन सहित अन्य योजनाओं के लाभ उसे मिल जाए। 13 नवंबर की रात अनिल पिता के कमरे में गया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। मृतक बुजुर्ग को कम दिखाई व सुनाई देता था।
अगली सुबह जब अनिल देखा कि बहन पिता को खाना देने कमरे की तरफ जा रही है, तो वह बाइक से फरार हो गया। परिजनों के कथन और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अनिल को गिरफ्तार किया है। उसने पिता को जलाने की बात स्वीकार की है।
यह भी पढ़ें- एमपी से राजस्थान तक के स्टेशनों पर सीधी नजर, 70 से अधिक वीडियो सर्विलांस से जुड़े; 24 घंटे रहेगी निगरानी