
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। बिरसा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे की सूचना पर मौका स्थल पहुंची पुलिस पर 20 से अधिक लोगों ने हमला कर दिया। इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें आरक्षक तोमेश बघेले को बिरसा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जबकि नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत की गई विशेष सहयोगी दस्ता (एसएसयू) के दो जवान संदीप मेरावी और पीयूष रनकुहे को भी चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के साल्हेवारा निवासी ठुमेंद्र पिता रामचंद्र पांचे (26) अपने बेटे के नामकरण का कार्ड देने अचानकपुर (बिरसा) आए थे। लौटते समय अचानकपुर और कचनारी के बीच सड़क पर खड़े ट्रक से उनकी बाइक पीछे से टकरा गई। हादसे में ठुमेंद्र की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस ने क्लीनर को छुड़वाया
घटनास्थल के पास एक गांव में मड़ई-मेला लगा था। हादसे की जानकारी मिलने पर वहां से कुछ लोग घटनास्थल पहुंचे। स्थानीय लोगों ने सालेटेकरी पुलिस चौकी को हादसे की सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब कुछ लोग ट्रक के क्लीनर की पिटाई कर रहे थे। पुलिस ने भीड़ से क्लीनर को छुड़ाया अस्पताल भिजवाया।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 70,979 किसानों ने बेचा धान, एक दिन में हुई 63 हजार टन से अधिक खरीदी
ट्रक ड्राइवर को बुलाने पर अड़े लोग
इसी दौरान वहां मौजूद लोग ट्रक चालक को बुलाने की मांग पर अड़ गए और पुलिस से बहस करने लगे। इसी बीच भीड़ ने आरक्षक तोमेश और एसएसयू के संदीप व पीयूष से हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। लोग पुलिस पर ट्रक चालक को भगाने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौच कर रहे थे।
मारपीट की घटना रात 11 बजे की है। बैहर एसडीओपी चंद्रशेखर पांडेय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिसकर्मियों से मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है। मामले में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ महिला मोर्चा भाजपा की टीम यूपी में उतरी, सीएम योगी के समर्थन में घर-घर पहुंच रहीं 73 नेत्रियां