
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कृषि उत्पादन आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस की।
बैठक में कलेक्टर आदित्य सिंह, अपर कलेक्टर डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर सुधीर जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि धान खरीदी एक दिसंबर से 20 जनवरी 2027 तक होगी। सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 8 से शाम 8 बजे तक खरीदी की जाएगी।
25 नवंबर से स्लॉट बुकिंग
किसानों को 2,441 रुपये प्रति क्विंटल मिलेंगे। स्लॉट बुकिंग 25 नवंबर से शुरू होगी। अधिकारियों को केंद्रों पर पर्याप्त बारदाने, सुरक्षित भंडारण के लिए गोदाम, परिवहन, सीसीटीवी कैमरे, नमी मापक यंत्र और सफाई उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में ATS ने 3 संदिग्ध अफगानी किए गिरफ्तार, कोर्ट ने 23 नवंबर तक रिमांड पर भेजा
धान खरीदी से जुड़े प्रमुख बिंदु- खरीदी एफएक्यू गुणवत्ता मापदंडों के अनुसार होगी, तौल इलेक्ट्रॉनिक कांटों से की जाएगी। पिछले वर्ष अनियमितता, गड़बड़ी या गबन करने वाले ऑपरेटरों को इस बार जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।
भुगतान केवल आधार से जुड़े बैंक खाते में होगा। जनधन, पेटीएम, ऋण और संयुक्त खातों में भुगतान नहीं किया जाएगा। राइस मिलर्स को पिछले वर्ष की धान मिलिंग पूरी करने के बाद ही नया धान दिया जाएगा। जिले में 185 केंद्र बनाए जा रहे हैं।
एक से ज्यादा किसानों का पंजीकरण
इनमें 62 गोदाम स्तर पर और 123 सहकारी समितियों में होंगे। जिले में धान विक्रय के लिए एक लाख 31 हजार 203 किसानों का पंजीयन किया गया है। अधिकारियों को केंद्रों पर संसाधन और तकनीकी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें- महादेव सट्टा एप केस: 2 दिसंबर तक के लिए जेल भेजा गया सौरभ चंद्राकर, ED ने नहीं मांगी दोबारा रिमांड