बालाघाट का सोनेवानी बना बाघों का नया ठिकाना, गब्बर, सुल्तान और जय-वीरू ने दिलाई अलग पहचान
गब्बर, सुल्तान और जय-वीरू की मौजूदगी ने जंगल को पर्यटकों के बीच पहचान दिलाई है। गब्बर पिछले तीन वर्षों से यहां है।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 05:46:13 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 05:46:13 PM (IST)
सोनेवानी बना बाघों का अलग नया ठिकाना, फाइल फोटोHighLights
- जंगल में 100 से अधिक टाइगर की मौजूदगी
- सोनेवानी बना बाघों का अलग नया ठिकाना
- पर्यटकों के बीच जंगल ने बनाई पहचान
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। मध्य प्रदेश के कान्हा व पेंच टाइगर रिजर्व और महाराष्ट्र के नवेगांव-नागझीरा टाइगर रिजर्व के बीच स्थित बालाघाट का सोनेवानी जंगल अब बाघों का पसंदीदा ठिकाना बन रहा है। भोजन और पानी की पर्याप्त उपलब्धता ने यहां बाघों के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया है।
सोनेवानी, कटंगी-तिरोड़ी, लामता और लौंगुर क्षेत्र में 60 से अधिक बाघ होने का अनुमान है। गौरा, हिना, शर्मीली, जुगनी, पुजारन और बंजारन सहित सात बाघिनों ने यहां कुनबा बढ़ाया है। उनकी संतानों के बड़े होने के साथ बाघों की संख्या बढ़ रही है।
पर्यटकों के बीच जंगल की पहचान
गब्बर, सुल्तान और जय-वीरू की मौजूदगी ने जंगल को पर्यटकों के बीच पहचान दिलाई है। गब्बर पिछले तीन वर्षों से यहां है। नवेगांव, रमरमा और अंतरा गेट से संचालित सफारी में पर्यटक बाघों को देख रहे हैं। वर्ष 2015 में क्षेत्र को वन्य प्राणी अनुभूति क्षेत्र घोषित किया गया और सीमित संसाधनों के साथ सफारी शुरू हुई।
दो मई 2025 को प्रदेश सरकार ने इसे कंजर्वेशन रिजर्व घोषित करने का निर्णय लिया। दक्षिण सामान्य वनमंडल बालाघाट के अंतर्गत रिजर्व में पांच स्थायी वाच टावर और पर्यटकों की सुविधा के लिए दो स्थानों पर वाशरूम हैं। जंगल के भीतर बसे चार वनग्रामों का विस्थापन हो चुका है।
2022 में थे 60 बाघ
घास के मैदान विकसित करने का प्रस्ताव है। मंजूरी मिलने पर सोनेवानी मध्य भारत का महत्वपूर्ण टाइगर हैबिटेट बन सकता है। सोनेवानी, कटंगी-तिरोड़ी और वारासिवनी परिक्षेत्र में 163.195 वर्ग किमी क्षेत्र में है। वर्ष 2022 की गणना में जिले में 60 बाघ थे। वर्ष 2026 की गणना के बाद सभी वनमंडलों को मिलाकर जिले में 100 से अधिक बाघ होने की संभावना है।
तीन टाइगर रिजर्व के बीच का सोनेवानी कारिडोर है। खनन क्षेत्र छोड़कर 142 वर्ग किमी को कंजर्वेशन रिजर्व बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। यहां सफारी के लिए पर्यटक आते हैं। गौरव चौधरी, सीसीएफ, बालाघाट।