'मैं मरने जा रहा हूं'...वीडियो कॉल पर प्रेमिका और दोस्त को बोलकर छात्र ने लगाई फांसी; जांच में जुटी पुलिस
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जागपुर घाट के जंगल में पुलिस ने शुक्रवार को 20 वर्षीय अरुण पिता बलदेव ठाकरे निवासी ग्राम भटलई थाना बिरसा का शव बरामद किया है।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 05:46:47 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 05:46:47 PM (IST)
जंगल में फंदे पर झूलता मिला छात्र का शव, नईदुनियाHighLights
- जंगल में फंदे पर झूलता मिला छात्र का शव
- वीडियो कॉल करने के बाद लगाई फांसी
- शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जागपुर घाट के जंगल में पुलिस ने शुक्रवार को 20 वर्षीय अरुण पिता बलदेव ठाकरे निवासी ग्राम भटलई थाना बिरसा का शव बरामद किया है। अरुण का शव पेड़ में नायलान की रस्सी से बने फंदे में झूलता मिला।
मृतक के दोस्त कपिल बिसेन ने बताया कि आत्महत्या करने से पहले अरुण ने उसे वाट्सएप पर वीडियो कॉल किया था। कपिल ने उसे ऐसा करने से मना किया, लेकिन कुछ ही सेकंड में उसने फांसी लगा ली। अरुण ने फंदा बनाने के बाद कपिल को वीडियो कॉल किया था।
दो-तीन दिन से अवसाद में चल रहा था
मृतक के छोटे भाई आयुष ठाकरे ने बताया कि अरुण बालाघाट के एक कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। भटेरा चौकी के पास वह किराये के कमरे में रहता था। आयुष और अरुण के दोस्तों ने बताया कि वह दो-तीन दिनों से अवसाद में था। न वह घरवालों के फोन उठाता था और न ही किसी से बात करता था।
सूचना पर कोतवाली टीआई अजय गुर्जर के निर्देशन में शव बरामद किया गया। मौके पर एफएसएल टीम ने सूक्ष्मता से जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
वीडियो कॉल में मृतक की प्रेमिका भी जुड़ी थी
बिरसा में हार्डवेयर की दुकान संचालित करने वाले कपिल बिसेन के अनुसार, अरुण ने मुझे शुक्रवार सुबह 10:30 बजे पहले वाट्सएप पर वायस कॉल किया, फिर वीडियो कॉल। तब मैं दुकान पर था। अरुण ने वीडियो कॉल में पहले से अपनी प्रेमिका को जोड़ रखा था। मरने से पहले अरुण यही कह रहा था कि मैं अब मरने जा रहा हूं।
शव के पास से प्रेमिका की फोटो बरामद
कपिल ने अरुण के इस कदम के पीछे संभावना जताते हुए बताया कि 16 नवंबर को अरुण ने बिरसा से मेरी बाइक बगैर पूछे बालाघाट लाया था। बालाघाट आते वक्त अरुण का एक्सीडेंट हो गया था।
जब मुझे पता चला कि अरुण ने ही मेरी बाइक लाई थी, तो मैंने बिना किसी विरोध के उसे बाइक लाने की बात भूलने कहा, लेकिन वह कई दिनों से आत्मग्लानि में था और फिर अवसाद में चला गया। पुलिस ने शव के पास से लगभग ढाई हजार रुपये नकद, प्रेमिका की फोटो आदि बरामद किए हैं।