
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेले जा रहे टेस्ट मैच में भारत ने तगड़ा पलटवार किया है। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने कीवी गेंदबाजों पर जवाबी हमला बोला है। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की ओर से हेनरी निकल्स और ग्लेन फिलिप्स ने दमदार शतक बनाए।
बेसिन रिजर्व मैदान पर न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए। जबाव में खेलने उतरी भारतीय टीम को दोनों ओपनर जायसवाल और राहुल ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने एक विकेट के नुकसान पर 159 रन बना लिए हैं।
राहुल और पडिक्कल लौटे नाबाद
ओपनर राहुल 52 रन और देवदत्त पडिक्कल 16 रन बनाकर खेल रहे हैं। जायसवाल शतक से चूक गए और 85 रन बनाकर आउट हो गए। इससे पहले निकल्स ने 335 गेंदों पर 21 चौकों की मदद से नाबाद 175 रनों की पारी खेली। फिलिप्स ने 216 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 118 रन बनाए।
यह भी पढ़ें- CSK ने धोनी के IPL संन्यास पर किया ड्रोन शो, चेपॉक के आसमान में 'For Our Thala'; देखें खूबसूरत नजारा
इन दोनों शतकों के दम पर न्यूजीलैंड ने स्कोर बोर्ड पर 368 रन बनाए। हालांकि, हेनरी आखिर तक नाबाद रहे। जबाव में भारत ने एक विकेट खोकर 159 रन बना लिए हैं। भारत अभी भी कीवी टीम से 209 रन पीछे हैं। दो दिन के खेल के बाद वेलिंगटन टेस्ट रोमांचक मोड पर पहुंच गया है।
शतक से चूके जायसवाल
भारत को पहले विकेट के लिए 130 रनों की साझेदारी मिली। यशस्वी और राहुल सेट होने के बाद बिना किसी परेशानी के बल्लेबाजी कर रहे थे। यशस्वी ने तेजी से रन बनाए और अपना अर्धशतक पूरा किया। वह आज ही अपना शतक पूरा करते दिख रहे थे, लेकिन टॉम ब्लंडल और मैट हेनरी द्वारा लिए गए रिव्यू ने उनकी पारी का अंत कर दिया।
यह भी पढ़ें- IND vs NZ: बुमराह की घातक गेंदबाजी से अकेले लड़ते रहे निकल्स-फिलिप्स, पहले दिन बैकफुट पर भारत
फिलिप्स और निकल्स ने किया परेशान
न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन की शुरुआत पांच विकेट के नुकसान पर 243 रनों के साथ की। फिलिप्स ने 94 और निकल्स ने 113 रनों से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। फिलिप्स ने अपना शतक पूरा किया और फिर वह ज्यादा देर टिक नहीं सके।
तेज गेंदबाज आकाशदीप की इनस्विंगर पर वह आउट हो गए। यहां से फिर निकल्स ने स्कोर बोर्ड चलाने की लड़ाई अकेले ही लड़ी। दूसरे खिलाड़ियों ने उनका साथ तो दिया, लेकिन सिर्फ विकेट पर समय बिताने के लिहाज से। नाथन स्मिथ ने 44 गेंदों पर 14 रन, काइल जेमिसन ने 21 गेंदों पर 11 रनों की पारियां खेलीं। मैट हेनरी एक और जैकब डफी चार रन बनाकर आउट हुए।
यह भी पढ़ें- विश्व कप 2027 में रोहित-कोहली की जगह पक्की, अजीत अगरकर के बाद टीम प्रबंधन का विश्वास कायम