बालाघाट में बाघ ने बच्चे पर किया हमला, 500 मीटर तक घसीटा; जंगल में मिला शव
दक्षिण सामान्य वन मंडल के सोनेवानी कंजर्वेशन रिजर्व स्थित चिखलाबड्डी जंगल में शुक्रवार दोपहर बाघ के हमले में 10 वर्षीय सौरभ मरकाम की मौत हो गई।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 05:48:42 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 05:48:42 PM (IST)
बाघ के हमले से बच्चे की मौत, फाइल फोटोHighLights
- बाघ के हमले से बच्चे की मौत...
- कटाई कर रहे मजदूरों में हड़कंप
- शोर मचाने पर बाघ ने छोड़ा शव
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। दक्षिण सामान्य वन मंडल के सोनेवानी कंजर्वेशन रिजर्व स्थित चिखलाबड्डी जंगल में शुक्रवार दोपहर बाघ के हमले में 10 वर्षीय सौरभ मरकाम की मौत हो गई। वह कलेगांव निवासी सुकचैन मरकाम का पुत्र था और बैगा समुदाय से था। घटना कक्ष क्रमांक 427 भाग-दो में हुई।
सुकचैन मरकाम बांस कूप की कटाई कर रहे थे, तभी बाघ ने उनके बेटे पर हमला किया और उसे करीब 500 मीटर तक घसीटकर ले गया। मजदूरों के शोर मचाने पर बाघ ने बच्चे को छोड़ दिया। इस घटना से जंगल में काम कर रहे मजदूरों में दहशत फैल गई और उन्होंने कटाई का काम बंद कर दिया।
बांस की कटाई कर रहे थे मजदूर
सोनेवानी कंजर्वेशन रिजर्व में पिछले एक माह से बांस कूप कटाई चल रही है। यहां करीब डेढ़ सौ मजदूर अलग-अलग जगहों पर बांस काट रहे हैं। सोनेवानी कान्हा राष्ट्रीय उद्यान और पेंच टाइगर रिजर्व के बीच का कॉरिडोर है। इस कारण क्षेत्र में वर्तमान में बाघों की संख्या अधिक पाई जाती है।
सीसीएफ गौरव चौधरी ने बताया कि बांस कूप कटाई के दौरान बाघ ने सुकचैन मरकाम के पुत्र सौरभ पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में कार्रवाई जारी है।