
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। उत्तर सामान्य वन मंडल बालाघाट के पूर्व बैहर सामान्य वन परिक्षेत्र की खुरमुंडी बीट में शनिवार को नर बाघ उम्र 12 वर्ष मृत अवस्था में मिला।
बाघ की मौत विद्युत करंट लगने से हुई है। वन विभाग ने बालाघाट से डॉग स्क्वॉड टीम बुलाकर शव बरामद किया और जांच शुरू की गई।
चिकित्सकों की तीन सदस्यीय टीम ने पोस्टमार्टम किया। आसपास के क्षेत्र में तलाशी के दौरान जीआई तार और खूंटियां मिली हैं। डॉग स्क्वॉड की मदद से वन विभाग आरोपितों का पता लगाने में जुटा है। जिले में वन्यजीवों की लगातार हो रही मौतों के कारण वन विभाग की चिंता बढ़ गई है और गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं।
24 दिनों में हुई 10 वन्यजीवों की मौत
बीते 24 दिनों के भीतर बाघ और तेंदुए समेत अन्य 10 वन्यजीवों की मौत हुई है। खुरमुंडी का जंगल कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के कोर और बफर जोन से लगा है। इस कारण पूर्व बैहर सामान्य क्षेत्र में वन्यजीवों की संख्या अधिक है और कई बार वे सड़क पर भी दिखाई देते हैं।
यह भी पढ़ें- त्योहार पर घर जाने की टेंशन खत्म, दो जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलाएगा रेलवे; ग्वालियर को भी मिलेगा लाभ
कुछ दिन पहले कान्हा में बाघों की मौत कैनाइन डिस्टेंपर से हुई थी। जिसमें एक बाघिन का पूरा परिवार ही उजड़ गया। इसके बाद टाइगर रिजर्व से लगे गांवों में श्वानों को पकड़कर उनका टीकाकरण किया गया। हालांकि, इस मामले में मौत की वजह कैनाइन डिस्टेंपर नहीं, बल्कि विद्युत करंट बताई जा रही है।
12 साल बताई गई बाघ की उम्र
सीसीएफ गौरव चौधरी ने बताया कि मृत नर बाघ की उम्र 12 वर्ष है। पोस्टमार्टम के बाद बाघ का बिसरा एकत्रित कर लिया है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। बाघ की मौत के बाद क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।