
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल : पति के लापता होने पर थाने पहुंचकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने वाली पत्नी ही उसकी हत्या की मुख्य आरोपी निकली। उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की और शव को जंगल में नाले के पास रेत में दफना दिया।
बैतूल जिले की शाहपुर थाना पुलिस ने इस अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए पत्नी सागर यादव और उसके प्रेमी ओमप्रकाश यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने डाग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम की मदद से शव भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खापा निवासी सागर यादव ने 20 नवंबर को शाहपुर थाने पहुंचकर पति संदीप यादव की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने तलाश शुरू की तो पत्नी और ओमप्रकाश की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। दोनों के संबंधों को लेकर भी जानकारी मिली। पूछताछ में हत्या का राज खुला। जांच में सामने आया कि दोनों ने मिलकर संदीप की हत्या की और साक्ष्य छिपाने के लिए शव ताकू मिलिट्री रेंज के जंगल में दफना दिया।
यह भी पढ़ें- भोपाल के 117 साल पुराने दशहरा मैदान पर HC का बड़ा फैसला, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का आरोप खारिज
22 नवंबर को पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर जंगल पहुंची। शुरुआत में वे पुलिस को गुमराह करते रहे। इसके बाद फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की मदद ली गई। मृतक की चप्पल और कपड़े सुंघाने पर डाग मुख्य सड़क से करीब तीन किलोमीटर अंदर नाले तक पहुंचा। बताए गए स्थान पर खुदाई कराने पर रेत में दबा संदीप का शव मिल गया। पुलिस ने दोनों आरोपीों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और सागर के कपड़े जब्त किए हैं।
यह भी पढ़ें- 'क्लीन एंड ग्रीन' सिंहस्थ की तैयारी, 2801.75 करोड़ के कार्यों को मंजूरी, 13 हजार सफाईकर्मी संभालेंगे कमान