
नईदुनिया न्यूज, दबोह। दबोह थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 निवासी युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में दबोह पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार युवती की हत्या करने के बाद आरोपितों ने उसका शव सफेद रंग की बाइक से ले जाकर फरदुआ तिराहे पर फेंक दिया था। पुलिस ने 24 और 20 वर्षीय दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, युवती की मौत के मामले में उसकी मां मिथिला विश्वकर्मा की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर करण परिहार और विजय परिहार से पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया।
संसीगढ़ गांव में मिलने बुलाया
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपित करण परिहार ने पूछताछ में बताया कि उसका युवती से काफी समय से संपर्क था। इसी के चलते उसने 27 नवंबर 2026 की रात युवती को मिलने के लिए ग्राम संसीगढ़ बुलाया था। यहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। इसके बाद शादी को लेकर विवाद हो गया।
यह भी पढ़ें- नर्मदा टनल मामले में हाई कोर्ट सख्त, तीन सप्ताह में मांगी रिपोर्ट; 1600 करोड़ से अधिक भुगतान का मुद्दा उठा
पुलिया पर की युवती की हत्या
आरोप है कि, विवाद के दौरान करण ने युवती की पुलिया पर हत्या कर दी। इसके बाद विजय के साथ मिलकर शव को सफेद रंग की बाइक क्रमांक एमपी 30 जेडएच 5880 से फरदुआ तिराहे पर फेंक दिया। पुलिस ने 28 नवंबर को 24 वर्षीय करण परिहार पुत्र मलखान परिहार और 20 वर्षीय विजय परिहार पुत्र मोहन परिहार निवासी वार्ड क्रमांक 15 दबोह को गिरफ्तार किया।
दोनों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई में दबोह थाना प्रभारी निरीक्षक रवि उपाध्याय, अमायन थाना प्रभारी सिद्धार्थ शर्मा, साइबर सेल प्रभारी कल्याण यादव, एसआई भानु चौहान, प्रधान आरक्षक आदित्य, रंजीत सिंह, राघव गुर्जर और राकेश मौर्य की भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में कोर्ट के स्टे छिपाकर कॉलोनियां काटीं, शिकायत के बाद टीएंडसीपी ने बिल्डरों को जारी किए नोटिस