_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। देहात थाना अंतर्गत मानपुरा के पास बोरी में मिले युवक के शव के अंधे कत्ल का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। हत्या की साजिश किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतक के पिता ने ही रची थी।
बेटे की नशे की लत और घरेलू विवादों से परेशान होकर पिता ने तीन लाख रुपये की सुपारी देकर उसकी हत्या करवा दी। पुलिस ने आरोपित पिता सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने युवक को ग्वालियर के नशामुक्ति केंद्र से बाहर निकाला और रास्ते में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद शव को मानपुरा के पास बीहड़ में फेंक दिया। शव जल्दी गल जाए और उसकी पहचान न हो सके, इस मंशा से आरोपियों ने उस पर नमक भी डाला था।
देहात थाना टीआई के अनुसार, मृतक 26 वर्षीय रईस उर्फ शानू खान उत्तर प्रदेश के उरई स्थित शिवपुरी मोहल्ले का निवासी था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। स्वजनों ने बताया कि रईस को नशे की लत थी। उसका कई बार नशामुक्ति केंद्र में उपचार कराया गया, लेकिन छह महीने तक उपचार के बाद भी वह दोबारा नशा करने लगा।
छह सितंबर से उसे ग्वालियर के नशामुक्ति केंद्र में रखा गया था। बेटे की आदत और घरेलू विवादों से परेशान होकर पिता रसीद खान ने उरई निवासी मोहम्मद इजराइल खान, मुन्ना खान और गुड्डू खान को तीन लाख रुपये की सुपारी दी थी।
यह भी पढ़ें- MP से UP का सफर आसान, ग्वालियर-इटावा फोरलेन का सीमांकन शुरू, राजस्व विभाग करेगा सत्यापन
26 अक्टूबर को नशामुक्ति केंद्र से निकाला, फिर की हत्या
26 अक्टूबर को पिता रसीद बेटे रईस को नशामुक्ति केंद्र से बाहर लेकर निकला। इसके बाद रास्ते में आरोपितों ने उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और शव मानपुरा के पास बीहड़ में फेंक दिया। आरोपितों को उम्मीद थी कि बीहड़ में जंगली जानवर शव को खा जाएंगे और वारदात का पता नहीं चलेगा।
तीन जगह के सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने तीन स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इनमें कुछ संदिग्ध वाहन दिखाई दिए। पुलिस ने तीन वाहनों की जांच कर उनके मालिकों से पूछताछ की। उरई निवासी ज्ञान सिंह ने बताया कि एक वाहन उसका है, जिसे उसने इजराइल को किराए पर दिया था।
इसके बाद पुलिस ने इजराइल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके बार-बार बयान बदलने पर पुलिस का संदेह गहराया। पूछताछ में अन्य आरोपितों की भूमिका भी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने पिता सहित चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
बोरी में मिली लाश के अंधे कत्ल का पर्दाफाश किया गया है। आरोपित पिता ने ही सुपारी देकर बेटे की हत्या करवाई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गाड़ी की पहचान कर आरोपितों तक पहुंचे और पिता सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। शिवप्रताप सिंह राजावत, टीआई, देहात थाना भिंड।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर का डिजिटल ब्लैकमेलिंग मकड़जाल, AI से अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर बदनामी, टेलीग्राम से चल रहा नेटवर्क