
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर विवादित बयान दिया है। उत्तर प्रदेश के झांसी में मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री की शिक्षा, ज्ञान और धार्मिक कथाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें वर्णशंकर कहा और अपने एक सवाल का जवाब देने की खुली चुनौती दी।
डॉक्टर सिंह ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री को ज्ञान नहीं है और वे धार्मिक कथाओं के माध्यम से लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने उन्हें भाजपा का एजेंट बताते हुए कहा कि कथा के जरिए पैसा एकत्र कर अपनी और परिवार की संपत्ति बढ़ाई जा रही है। उन्होंने जमीन खरीदने और जमीनों पर कब्जे से जुड़े आरोप भी लगाए। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में किसानों का एलान, आदान राशि 19257 करने की मांग; धान खरीदी और रकबा कटौती पर करेंगे आंदोलन
एक सवाल का जवाब देने की दी चुनौती
गोविंद सिंह ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री भगवान राम के पांच पिता होने की बात बताते हैं, लेकिन उन्हें अपने पिता के बारे में ही जानकारी नहीं है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि वे अपना एक सवाल लिखकर देने को तैयार हैं, लेकिन धीरेंद्र शास्त्री उसका जवाब नहीं दे पाएंगे।
झांसी में जब पत्रकारों से जब पूर्व नेता प्रतिपक्ष से कहा कि क्या वह वे सवाल पूछने के लिए बागेश्वर धाम जाएंगे, तो उन्होंने इससे इनकार किया। उन्होंने कहा कि वे ऐसे लोगों से सवाल पूछने नहीं जाते। साथ ही उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री पर भाजपा के लिए पैसे लेकर काम करने का आरोप भी लगाया।
यह भी पढ़ें- पराली जलाने पर देश में नंबर वन ग्वालियर, अब तक 1082 घटनाएं; दतिया, श्योपुर और जबलपुर में बढ़े मामले