_20261029_175138_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। शहर के गौरी सरोवर के सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नपा ने विकास कार्यों की तैयारी की है। सरोवर पर चंदू की तिवारिया और शनिदेव मंदिर के पास यूपी के वाराणसी की तर्ज पर भव्य घाटों का निर्माण कराया जाएगा।
इसके साथ ही सरोवर में मिलने वाले नालों के गंदे पानी को रोकने के लिए रिटर्निंगवाल और नालों का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य पर करीब तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं और इसकी टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार, दीपावली के बाद इन कार्यों को शुरू कराने की तैयारी है।
वहीं, गौरी सरोवर के दूसरी तरफ सड़क निर्माण की योजना भी बनाई गई है। इसके तहत चक्कर वाली पुलिया से सरोवर के किनारे होते हुए कब्रिस्तान के पास से सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस मार्ग को बीटीआई रोड पर स्थित पानी की टंकी के पास तक जोड़ने की योजना है। इसके लिए नपा ने एस्टीमेट तैयार किया है।
सड़क बनने से बस स्टैंड, कलेक्ट्रेट और गौरी सरोवर के बीच आवागमन आसान होने के साथ शहर की यातायात व्यवस्था को भी राहत मिलने की उम्मीद है। गौरी सरोवर में चक्कर वाली पुलिया और हाउसिंग कॉलोनी की ओर से आने वाले नालों का पानी पहुंच रहा है। इससे सरोवर के जल की स्वच्छता बनाए रखने की चुनौती बनी हुई है।
इस समस्या को दूर करने के लिए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के तहत नालों के पानी को सरोवर में मिलने से रोकने की प्रक्रिया चल रही है। नपा की ओर से रिटर्निंगवाल के साथ नालों का निर्माण कराया जाएगा, ताकि गंदे पानी की निकासी को व्यवस्थित किया जा सके और उसे सीधे सरोवर में मिलने से रोका जा सके।
वीरेंद्र उत्सव वाटिका से अर्धनारीश्वर मंदिर तक होगा विकास
गौरी सरोवर के दूसरी तरफ भी सौंदर्यीकरण और सुरक्षा से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। वीरेंद्र उत्सव वाटिका के पास रिटर्निंगवाल और रेलिंग का निर्माण किया जाना है। इसके अलावा अर्धनारीश्वर मंदिर के पास सरोवर के जिस हिस्से में अभी तक रिटर्निंग वॉल और रेलिंग नहीं बनाई गई है, वहां भी निर्माण कार्य प्रस्तावित है।
सरोवर के किनारे रेलिंग बनने से लोगों की सुरक्षा बेहतर होगी, वहीं रिटर्निंग वॉल से किनारों को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही सरोवर के आसपास स्ट्रीट लाइटें भी लगवाई जाएंगी। इससे शाम और रात के समय यहां आने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें- डीफार्मा पूरक परीक्षा का फार्म नहीं भरा तो लग सकता है 2 हजार रुपये फाइन
चक्करवाली पुलिया से बीटीआइ रोड तक जुड़ेगी सड़कगौरी सरोवर के दूसरी तरफ सड़क का विस्तार शहर के यातायात के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्तमान में पुल से सौगात गॉर्डन की ओर जाने वाले रास्ते पर करीब 150 मीटर तक ही रिटर्निंग वॉल और सड़क का निर्माण कराया गया है।
अब इस मार्ग को आगे बढ़ाते हुए चक्कर वाली पुलिया से गौरी सरोवर तक सड़क बनाने की तैयारी है। प्रस्तावित मार्ग कब्रिस्तान के पास से होते हुए सरोवर के किनारे तक पहुंचेगा। इसके बाद इसे बीटीआई रोड पर स्थित पानी की टंकी के पास से जोड़ने की योजना है। वर्तमान में गौरी सरोवर के दूसरी तरफ जाने के लिए सीमित रास्ते उपलब्ध हैं। ऐसे में सरोवर के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
चक्करवाली पुलिया से सड़क का निर्माण होने और इसे बीटीआई रोड के पास तक जोड़ने से आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।
धर्मपुरी मुक्तिधाम के मार्ग के पास जाम से भी मिल सकती है राहत
धर्मपुरी स्थित मुक्तिधाम के मार्ग पर अक्सर लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए भी इस सड़क को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्तमान में गौरी सरोवर को जोड़ने वाला रास्ता सीमित होने के कारण वाहनों का दबाव एक ही मार्ग पर बढ़ जाता है।
ऐसे में अंतिम संस्कार सहित अन्य कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। चक्करवाली पुलिया से सड़क बन जाने पर गौरी सरोवर तक पहुंचने के लिए दो सीधे मार्ग उपलब्ध हो सकेंगे।
गौरी सरोवर पर गंदे पानी को रोकने के लिए रिटर्निंगवाल, नाला निर्माण, घाट सहित अन्य कार्य दीपावली के बाद से शुरू करने की योजना है। वहीं चक्करवाली पुलिस तक सड़क तैयार करने का एस्टीमेट भी तैयार किया गया है। राजवीर सिंह भदौरिया, प्रभारी कार्यपालन यंत्री, नपा भिंड।
यह भी पढ़ें- करवा चौथ के दिन सुहाग ने ही छीन ली सांसें, ग्वालियर में पति ने मूसल से की पत्नी की हत्या