
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। इब्राहिमगंज में दीपावली की रात हुए अनिकेत खटीक हत्याकांड में फरार छह आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित किया है। डीसीपी आयुष गुप्ता के निर्देश पर बनाई गई टीम का नेतृत्व एसीपी अरविंद सिंह राजपूत करेंगे।
इसमें हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया, सब इंस्पेक्टर बीएस वर्मा के साथ क्राइम ब्रांच और साइबर सेल के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। टीम को फरार आरोपितों को पकड़ने के साथ वारदात में सभी की भूमिका और चाकू से हमला करने वालों की पहचान करने की जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस इस मामले में इब्राहिमगंज निवासी आदित्य रैकवार उर्फ आदि (19) और प्रेम वस्कार (18) को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया है। मंगलवार को पुलिस ने दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपितों में अंकित, राघव सहित छह लोग शामिल हैं। उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें- डिग्री तो मिलेगी, डॉक्टरी का ज्ञान कैसे मिलेगा? एमपी में शिक्षकों की कमी से 3 कॉलेज की मान्यता अटकी
यह भी पढ़ें- झुग्गी मुक्त होगा भोपाल... दानापानी में बनेंगे 21,255 पक्के आवास, विकसित होगी टाउनशिप