
Arjun Singh Statue In Bhopal:भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)।भाजपा व कांग्रेस की राजनीति का केंद्र रही पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा को आखिरकार नगर निगम प्रशासन ने न्यू मार्केट नानके पेट्रोल पंप चौराहे से हटा कर व्यापंम चौराहे पर स्थापित कर दी। प्रतिमा की शिफि्टग की भनक लगते ही पूर्व मंत्री व दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक पीसी शर्मा कांग्रेसियों के साथ प्रतिमा हटाने का विरोध करने पहुंचे। विधायक शर्मा ने नगर निगम प्रशासन के अधिकारियों के समक्ष प्रतिमा हटाने का विरोध जताया। संबंधित अधिकारियों ने कहा कि चौड़ीकरण कार्य के चलते प्रतिमा को हटा कर व्यापंम चौराहे पर शिफ्ट कर रहे हैं। इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के पुत्र व कांग्रेस नेता अजय सिंह की स्वीकृति ले ली है। पूर्व मंत्री शर्मा ने तत्काल अजय सिंह से फोन पर चर्चा की। इसके बाद प्रतिमा को शिफ्ट होने दिया गया। इधर प्रतिमा शिफ्ट करने का भाजपा नेताओं ने समर्थन किया है। इधर संस्कृति बचाओ मंच ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा शिफ्ट करने का समर्थन किया। मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि सभी की सहमति से प्रतिमा शिफ्ट हुई है। इससे चौराहे का चौड़ीकरण हो सकेगा। 11 अक्टूबर 2019 में कांग्रेस की सरकार के समय पूर्व मंख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा नानके पेट्रोल पंप चौराहे पर स्थापित की गई थी। इससे पहले यहां पर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थापित थी। कांग्रेस सरकार के समय नगर निगम प्रशासन ने चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा अपेक्स बैंक के पास शिफ्ट कर दी थी। उनकी जगह पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा स्थापित की गई थी। इसका पूर्व महापौर आलोक शर्मा सहित भाजपा के नेताओं ने विरोध किया था। संस्कृति बचाओ मंच ने भी विरोध किया था। मामला अदालत तक भी गया था। भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगया था कि चौड़ीकरण का नाम लेकर कांग्रेस चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा हटा दी। यदि चौड़ीकरण होना था तो पूर्व मंख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा क्यों स्थापित की गई? प्रतिमा स्थापित करने को लेकर भाजपा निरंतर विरोध कर रही थी। अब भाजपा की सरकार में नगर निगम प्रशासन ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा को शिफ्ट करा दिया।