
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में दिनदहाड़े लूट की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी। बैरसिया रोड स्थित लांबाखेड़ा ब्रिज के पास मंगलवार सुबह दो बाइक पर आए चार बदमाशों ने बकरा कारोबारी को घेरकर 17.90 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया।
कारोबारी राजगढ़ में आयोजित पशु मेले में बकरे खरीदने के लिए नकदी लेकर जा रहा था। बदमाशों ने उसकी बाइक के आगे अपनी बाइकें अड़ाकर रास्ता रोका और बैग छीनकर नेशनल हाईवे की तरफ भाग निकले। ईंटखेड़ी पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपितों की तलाश में पुलिस की छह टीमें लगाई गई हैं।
थाना प्रभारी आशीष सप्रे के अनुसार मुबीन खान निशातपुरा थाना क्षेत्र के देवकीनगर में रहता है। वह बकरों की खरीद-बिक्री करता है और उन्हें खरीदकर दक्षिण भारत के शहरों में भेजता है। मंगलवार को उसे राजगढ़ के पशु मेले में बकरे खरीदने जाना था। इसके लिए वह सुबह करीब 10 बजे घर से 17.90 लाख रुपये नकद लेकर निकला था।
यह भी पढ़ें- आय से 500 गुना से अधिक संपत्ति के आरोपी SDO संजीव शर्मा निलंबित, अब नहीं बन पाएंगे डीएफओ
ईंटखेड़ी क्षेत्र में करीब दो सप्ताह बाद इज्तिमा का आयोजन होना है। ऐसे में दिनदहाड़े 17.90 लाख रुपये की लूट ने आयोजन से पहले पुलिस की सुरक्षा तैयारियों और क्षेत्र में बदमाशों की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- Bhopal में यूनियन कार्बाइड के पास नगर निगम ही बना रहा अवैध डंपिंग साइट, खुलेआम फेंका जा रहा कचरा