
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल जिला अदालत में पदस्थ रहे 48 वर्षीय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कैलाश चंद्र साहू पिछले 55 दिनों से लापता हैं। उनके स्वजनों ने एक जज दंपती पर घर और दफ्तर का काम करवाने और प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। स्वजनों को आशंका है कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर कैलाश कोई आत्मघाती कदम उठा सकते हैं। बुधवार को स्वजनों ने जिला जज से शिकायत कर मामले की जांच कराने की मांग की है। कमलानगर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
कैलाश चंद्र मूल रूप से रायसेन जिले के रहने वाले थे और नया बसेरा, कोटरा में रहते थे। वह भोपाल कोर्ट में जज के प्यून के रूप में पदस्थ थे। उनकी दूसरी पत्नी सिवनी में रहती हैं, जबकि दोनों बेटे संजय और रितेश भोपाल में किराये के मकान में रहते हैं। वह 24 सितंबर को घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।
कैलाश के भाई प्रेम साहू का आरोप है कि जज दंपती उनसे सुबह सात बजे से रात दस बजे तक अपने घर का काम करवाते थे। इसके अलावा उन्हें कार्यालय का काम भी करना पड़ता था। इस प्रताड़ना की कई बार शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। प्रेम साहू ने एक डायरी भी दिखाई है, जो कथित तौर पर कैलाश के घर से मिली है। इसमें जज दंपती के खिलाफ प्रताड़ना संबंधी बातें लिखी होने का दावा किया गया है।
यह भी पढ़ें- Bhopal में दिनदहाड़े 17.90 लाख की लूट, बकरा कारोबारी से पैसे छीनकर भागे 4 बदमाश
कमलानगर थाना प्रभारी निरूपा पांड ने बताया कि अक्टूबर में कैलाश की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। मोबाइल की जांच में उनका फोन घर पर ही मिला था। उस समय पुलिस को कोई डायरी नहीं मिली थी। अब स्वजनों ने डायरी मिलने की जानकारी दी है, लेकिन उसे पुलिस को सौंपा नहीं है। डायरी जब्त होने के बाद उसके आधार पर जांच की जाएगी। फिलहाल पुलिस कैलाश की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें- आय से 500 गुना से अधिक संपत्ति के आरोपी SDO संजीव शर्मा निलंबित, अब नहीं बन पाएंगे डीएफओ