Bhopal Crime News: आपस में भिड़ीं दो पड़ोसी महिलाएं, मारपीट का वीडियो वायरल
अवधपुरी क्षेत्र की घटना। मारपीट करने वाली महिला भाजपा नेत्री बताई जा रही। दोनों पक्षों ने दर्ज कराई थी एफआइआर। मामला कोर्ट में।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Wed, 05 Jul 2023 11:48:01 AM (IST)
Updated Date: Wed, 05 Jul 2023 11:48:01 AM (IST)

भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। अवधपुरी इलाके का एक मारपीट का वीडियो इन दिनों इंटरनेट मीडिया के अलग-अलग माध्यमों पर जमकर बहुप्रसारित हो रहा है। इसमें एक महिला कार से आती है और उतरते ही अपनी पड़ोसी महिला से विवाद करने लगी है। पड़ोसी महिला जैसे ही गेट से बाहर निकलती है, दूसरी महिला उसके बाल पकड़कर मारपीट करने लगती है। मारपीट करने वाली महिला बीजेपी नेत्री बताई जा रही है। घटना अप्रैल की है, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है।
इधर, इस मामले में पुलिस अजीबो-गरीब तर्क दे रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो पुराना है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
जानकारी के मुताबिक संयुक्त विहार कालोनी अवधपुरी की रहने वाली दीपिका मंडलोई (32) पत्नी नीतेश मंडलोई गृहणी है। 14 अप्रैल को वो घर का काम कर रही थी। तभी बगल में रहने वाली विजय लक्ष्मी बसेठा बाहर से कार से आती है और कार से उतरने के बाद अपने घर में न जाकर पड़ोसी महिला पर रौब गांठती हैं। पड़ोसी महिला के घर से बाहर आने पर वह उसे धमकाती हुई मारपीट करने लगती है। महिला का पति घर के अंदर से उनको रोकने की कोशिश करता है। लेकिन विजय लक्ष्मी मारपीट करना जारी रखती है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों ने थाने जाकर मामला दर्ज कराया। फिलहाल दीपिका ने उस घर को छोड़ दिया है। वहीं दीपिका ने अवधपुरी पुलिस पर पक्षपात करने व आरोपितों का साथ देने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि आरोपित महिला पहले भी इसी तरह से मारपीट कर चुकी है।
टीआइ बोले पुराना वीडियो है, मामला कोर्ट में
अवधपुरी टीआई शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि वीडियो पुराना है, जो अभी काफी बहुप्रसारित हो रहा है। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर कार्रवाई कर एफआइआर दर्ज की जा चुकी है। मामला कोर्ट मे है।