भोपाल में कलियासोत डैम में पटाखे फोड़ रहे 4 छात्रों से लूट, 10 घंटे में 4 बदमाश पकड़ाए
कलियासोत डैम के पास घूमने गए 4 छात्रों से बदमाशों ने चाकू की नोक पर 7 मिनट में लूट की। पुलिस ने 10 घंटे में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 03:14:49 PM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 03:14:49 PM (IST)
भोपाल में कलियासोत डैम में 4 छात्रों से लूट। (सोशल मीडिया)HighLights
- कलियासोत डैम पर छात्रों से लूट।
- 7 मिनट में वारदात कर भागे बदमाश।
- पुलिस ने 10 घंटे में 3 पकड़े।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल के कलियासोत डैम के पास 10 नवंबर की रात चार छात्र-छात्राओं के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं थी। दोस्तों के साथ घूमने और पटाखे फोड़ने पहुंचे इन युवाओं को बाइक सवार तीन बदमाशों ने महज 7 मिनट के भीतर चाकू की नोक पर लूट लिया। विरोध करने पर एक युवक पर हमला भी किया गया और जान से मारने की धमकी देकर चारों के गले से चेन छीन ली गई।
वारदात के चार दिन बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद रातीबड़ पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए 150 सीसीटीवी कैमरे खंगाले और 10 घंटे के भीतर ही तीनों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए बदमाशों में से एक का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है।
पटाखे फोड़ते वक्त बदमाशों ने घेरा
- पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, संसृति नाम की छात्रा अपने तीन अन्य दोस्तों—ख्याति, वंश और देव के साथ कार से कलियासोत डैम घूमने गई थी। चारों एक प्राइवेट कॉलेज से बीबीए सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रहे हैं। रात
- करीब 9 बजे चारों कार से बाहर निकलकर डैम के पास मैदान में पटाखे फोड़ रहे थे और आपस में बात कर रहे थे। तभी वहां एक बाइक पर सवार तीन युवक आए। बाइक से उतरते ही उन्होंने चारों दोस्तों को चारों तरफ से घेर लिया।
जल्दी चेन दे दो, नहीं तो जिंदा नहीं जाओगे
- फरियादी संसृति ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने हाथ में चाकू रखा था। जब उनके एक दोस्त ने विरोध करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उसके कंधे पर चाकू के हत्थे से वार किया। इसके बाद वे धमकाने लगे कि जल्दी अपने गले की चेन और सारा सामान निकाल कर दे दो, वरना यहां से कोई जिंदा वापस नहीं जाएगा।
- खौफजदा चारों छात्र-छात्राओं ने अपनी चेन बदमाशों के हवाले कर दी। यह पूरी घटना रात 9 बजे से 9:07 बजे के बीच सिर्फ सात मिनट में अंजाम दी गई।
परिजनों की पूछताछ के बाद दर्ज हुई शिकायत
डरे-सहमे छात्रों ने घटना के तुरंत बाद पुलिस से संपर्क नहीं किया। कुछ दिन बाद जब एक युवती के घर वालों ने उसके गले में चेन नहीं देखी और सख्ती से पूछताछ की, तब जाकर इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ। इसके बाद 14 नवंबर को रातीबड़ थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई गई।
150 कैमरे खंगाले, पुराने अपराधियों से हुई पूछताछ
- मामले की गंभीरता को देखते हुए रातीबड़ थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने तुरंत तीन अलग-अलग टीमें गठित कीं। पुलिस ने इलाके के पुराने लुटेरों और हाल ही में जेल से छूटे बदमाशों की लिस्ट निकाली।
- इसके अलावा डैम और आसपास के रास्तों पर लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक की गई। मुखबिरों की सूचना और तकनीकी मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही।
दुष्कर्म का आरोपी निकला एक बदमाश, सारा सामान बरामद
- एफआईआर दर्ज होने के 10 घंटे के अंदर ही पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूटी गई चारों चेन, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और एक चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
- पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी रामपाल सिंह के खिलाफ पहले से ही अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। अब पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है कि क्या उन्होंने ऐसी ही कोई और वारदात भी की है।
यह भी पढ़ें- 117 साल पुराने भोपाल के छोला दशहरा मैदान पर व्यावसायिक निर्माण में फैसला सुरक्षित
पुलिस की गश्त पर उठे सवाल
- इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना प्रभारी का दावा है कि कलियासोत और केरवा डैम के आसपास चीता मोबाइल पुलिस लगातार गश्त करती है। लोगों को जंगली जानवरों के खतरे से आगाह करने के लिए बोर्ड भी लगाए गए हैं और पुलिस के नंबर भी चस्पा हैं।