
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल की सड़कों पर किसानों और आम आदमी की आवाज बुलंद करने के लिए समाजवादी पार्टी ने बड़ा मोर्चा खोल दिया है। इस विरोध प्रदर्शन को 'समाजवादी किसान पीडीए पंचायत' का नाम दिया गया है, जिसमें शामिल होने के लिए आस-पास के जिलों से किसान अपने ट्रैक्टरों और गाड़ियों के काफिले के साथ भोपाल पहुंच रहे हैं। सपा नेताओं का दावा है कि इस बड़े प्रदर्शन में करीब 500 ट्रैक्टर शामिल हो रहे हैं।
आंदोलनकारी तुलसी नगर में जेपी अस्पताल के ठीक सामने स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश दफ्तर पर जमा हो रहे हैं। हालांकि, प्रशासन ने भी भारी बंदोबस्त किया है। खजूरी कलां इलाके में पुलिस ने कई किसानों को शहर में घुसने से पहले ही रोक दिया। वहीं, खजूरी-बैरागढ़ के रास्ते ट्रैक्टर लेकर आ रहे सपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव का रूट भी पुलिस ने डायवर्ट कर दिया है। इसी वजह से वह अभी तक प्रदेश कार्यालय नहीं पहुंच सके हैं।
तय कार्यक्रम के मुताबिक, पार्टी कार्यालय पर आमसभा खत्म होने के बाद तमाम कार्यकर्ता और किसान पैदल मार्च करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सरकारी आवास का घेराव करने के लिए निकलेंगे। इस मार्च को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है और जेपी जिला अस्पताल के पास भारी बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को वहीं रोकने की पुख्ता तैयारी कर ली गई है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में जल कार्य शाखा का बजट 104 करोड़, 7 महीने में खर्च सिर्फ 2 करोड़, 12 काम पूरी तरह ठप
यह भी पढ़ें- अस्पताल का रिबन कटने से पहले ही 40 लाख की मशीनें चोरी, ढाई महीने बाद भी भोपाल पुलिस के हाथ खाली