Bhopal News: सकल जैन समाज ने की मुनि विनम्र सागर की अगवानी, शोभा यात्रा निकली
शोभायात्रा अयोध्यानगर बायपास से निकलकर अहिंसा विहार जिनालय पहुंची। जिनालय में आज से कल्प द्रुम महामंडल विधान शुरू।
Publish Date: Sun, 26 May 2024 09:29:13 AM (IST)
Updated Date: Sun, 26 May 2024 09:29:13 AM (IST)

नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। आचार्यश्री विद्यासागर महाराज, आचार्य समय सागर महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनिश्री विनम्र सागर महाराज एवं मुनि निश्वार्थ सागर, मुनि निसर्ग सागर, छुल्लक हीरक सागर का शनिवार को शहर में आगमन हुआ। इस मौके पर सकल जैन समाज के श्रद्धालुओं ने उनकी भव्य अगवानी की। साथ ही अयोध्या नगर बायपास से शोभायात्रा निकली जो विभिन्न मार्गों से होते हुए अहिंसा विहार जिनालय पहुंची। यहां रविवार यानी आज से कल्प द्रुम महामंडल विधान शुरू हुआ, जिसमें भव्य 24 समवशरण की रचना होगी।
आयोजन समिति के प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया जिनालय में शोभायात्रा के पहुंचने के बाद अनुष्ठान के प्रमुख पात्रों का चयन हुआ। इस अवसर पर मुनि विनम्र सागर महाराज ने कहा कि राजधानी में भव्य सहस्त्रापुर जिनालय बनने वाला है। इसके लिए संपूर्ण जैन समाज तन-मन-धन से समर्पित होकर योगदान दे। उन्होंने कहा जिनालय भारतीय संस्कृति और संस्कारों की बुनियाद हैं, जो आने वाली पीढ़ी तक हमारी संस्कृति को अक्षुण्ण रखते हुए देश के भविष्य का निर्माण करते हैं।
इस अवसर पर पंचायत कमेटी ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज जैन बांगा, अहिंसा विहार जैन मंदिर के अध्यक्ष प्रमोद चंदेरी, संदीप जैन, नीलेश जैन, विनीत जैन, भेल जैन समाज से मनोज जैन, नरेंद्र पिंडरई, अरविंद पंत, नरेंद्र टोंग्या, राकेश जैन मिनाल, सुरेन्द्र जैन लेक सिटी आदि मौजूद थे।