
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में शराब के नशे में वाहन से स्टंटबाजी और फिर गुंडागर्दी का नया मामला देहात क्षेत्र से सामने आया है। ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के लांबाखेड़ा मुख्य मार्ग पर रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब दो बजे कुछ युवक शराब के नशे में एसयूवी से स्टंट कर रहे थे।
इसी दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ा और गाड़ी सड़क किनारे पलट गई। गनीमत रही कि एसयूवी में सवार तीन युवकों में से किसी को चोट नहीं आई। हालांकि, हादसे के बाद युवकों ने अपनी गलती मानने के बजाय वहां मौजूद राहगीरों से बदसलूकी और मारपीट शुरू कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी उन्होंने गाली-गलौज और झूमाझटकी की। इतना ही नहीं, अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और हंगामा बढ़ने पर अतिरिक्त बल बुलाकर आरोपितों को थाने ले जाया गया। यहां भी उनका उत्पात नहीं थमा और वे रातभर हंगामा व गाली-गलौज करते रहे।
यह भी पढ़ें- MP Weather Alert: बंगाल की खाड़ी में तूफान का असर, 20 नवंबर को 9 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
पुलिस के अनुसार सूचना पर पहुंची एफआरवी टीम के साथ भी युवकों ने अभद्रता और झूमाझटकी की। अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से उन्हें थाने लाया गया। मेडिकल परीक्षण में आरोपितों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और गाली-गलौज सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर संदीप गौर, संजय गौर, हेमेन्द्र गौर और अनुज पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल अन्य युवकों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Bhopal Master Plan-2047: बड़ा तालाब के 66 गांवों के किसानों का हल्ला बोल, खेती की जमीन बचाने उग्र प्रदर्शन