Cheetah Project in MP: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। मध्य प्रदेश में चीता लाए जाने की परियोजना का काम तेज हो गया है। कूनो पालपुर पार्क में चीता के लिए विशेष बाड़ा तैयार किया जा रहा है, जिसका 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। बाड़े के नजदीक ही दो पुलिया बनाई जानी है। उनका भी निर्माण शुरू हो रहा है। 30 नवंबर तक परियोजना का काम पूरा करने का लक्ष्य है। इसके साथ ही अगले चरण की तैयारी शुरू हो गई है। प्रदेश और देश के आला वन अधिकारी सात नवंबर को दक्षिण अफ्रीका जा रहे हैं। वे वहां से चीता परिवहन की तैयारी पर स्थानीय अधिकारियों से चर्चा कर रणनीति तैयार करेंगे। यह दौरा इसलिए महत्वपूर्ण है कि इससे तय हो जाएगा कि चीतों को लाया कैसे जाएगा। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अधिकारी और भारतीय वन्यजीव संस्थान के अधिकारी इस संबंध में निर्णय को अंतिम रूप देंगे।
दक्षिण अफ्रीका जाने वाले दल में वन विभाग के प्रमुख सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक आलोक कुमार और केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और भारतीय वन्यजीव संस्थान देहरादून के अधिकारी शामिल हैं।
अतिवृष्टि और बाढ़ आने से पिछड़ गया काम
मध्य प्रदेश में इसी माह चीता आने थे, पर अगस्त माह में हुई अतिवृष्टि और ग्वालियर-चंबल संभाग के अधिकांश जिलों में बाढ़ आने से परियोजना का काम पिछड़ गया। यही कारण है कि चीता लाने में भी देरी हुई है। अब जनवरी या फरवरी 2022 में चीता लाने की तैयारी है। अधिकारी अभयारण्य का भ्रमण भी करेंगे और यह देखेंगे कि चीता किस तरह के वातावरण में रहना पसंद करता है। पहले यह दल 28 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका जाने वाला था, पर केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री का नाम भी सूची में शामिल होने के कारण यात्रा रोक दी गई थी। अब मंत्री इस दल के लौटने के बाद जाएंगे। उल्लेखनीय है कि पहले चरण में यहां 10 चीता लाने की योजना है।
डीएफओ, डाक्टर, रेंजर अगले माह जाएंगे
परियोजना से जुड़ा दूसरा दल अगले माह दक्षिण अफ्रीका जाएगा। इसमें कूनो पालपुर नेशनल पार्क के संचालक, डाक्टर, वन परिक्षेत्र अधिकारी, वनकर्मी और देखरेख करने वाले कर्मचारी शामिल होंगे। यह दल करीब 20 दिन दक्षिण अफ्रीका में रुकेगा और चीता के इलाज, उनकी देखरेख, मानव-चीता के बीच द्वंद्व की स्थिति सहित अन्य विषयों पर जरूरी प्रशिक्षण लेगा। कूनो पालपुर में यही दल सीधे तौर पर चीता की देखभाल करेगा।