
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कक्षा नौवीं से 12वीं तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारी शुरू हो गई है। नवंबर में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ परीक्षा की चुनौती का सामना करना होगा। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) की समयसारिणी के अनुसार कक्षा 11वीं और 12वीं की परीक्षाएं 18 नवंबर से, जबकि नौवीं और 10वीं की परीक्षाएं 21 नवंबर से शुरू होंगी।
हालांकि, स्कूलों में अब तक करीब 40 प्रतिशत पाठ्यक्रम ही पूरा हो पाया है। ऐसे में निर्धारित समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराना और विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा से पहले और बाद में अगले दिन के विषय की तैयारी करानी होगी।
स्कूल शिक्षा विभाग ने अतिरिक्त कक्षाएं लगाने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा के बीच अगले प्रश्न-पत्र की तैयारी के लिए भी विद्यार्थियों की कक्षाएं संचालित करनी होंगी। शिक्षकों को कम समय में शेष पाठ्यक्रम पूरा कराने के साथ पुनरावृत्ति कराने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नौवीं और 10वीं की परीक्षाएं सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक आयोजित की जाएंगी। वहीं, कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की परीक्षा दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होगी। जिस कक्षा की सुबह की पाली में परीक्षा होगी, उनको अगले दिन के विषय की तैयारी दोपहर में कराई जाएगी। वहीं दोपहर की पाली में परीक्षा होगी तो सुबह उस दिन के विषय की तैयारी कराई जाएगी।
निर्देशों के मुताबिक, विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले उपस्थित होना होगा। उत्तरपुस्तिका परीक्षा से 10 मिनट पहले और प्रश्न-पत्र पांच मिनट पहले वितरित किया जाएगा। स्कूलों को समय-सारिणी के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी, ताकि परीक्षा व्यवस्थित तरीके से हो और विद्यार्थियों की तैयारी प्रभावित न हो।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के 70 हजार अतिथि शिक्षकों को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बोर्ड की परीक्षा में बनेंगे पर्यवेक्षक