आयुक्त के आदेश को दिखाया ठेंगा, EWS आवास मुक्त करने पर उपायुक्त और ईई को नोटिस
भोपाल नगर निगम में अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर फाइलें मंजूर करने और ईडब्ल्यूएस आवास मुक्त करने के मामले में उपायुक्त भुवन गुप्ता और कार्यपालन यंत्री एनके डेहरिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 01:57:10 PM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 01:57:10 PM (IST)
आयुक्त के आदेश को दिखाया ठेंगा। (फाइल फोटो)HighLights
- अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर फाइलें मंजूर करने का मामला।
- उपायुक्त भुवन गुप्ता और ईई एनके डेहरिया को नोटिस।
- बिना जांच निजी प्रोजेक्ट के ईडब्ल्यूएस आवास किए मुक्त।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल : नगर निगम आयुक्त आरपी अहिरवार द्वारा 30 अक्टूबर को शक्ति आदेश में भवन अनुज्ञा शाखा के शक्तियां अपर आयुक्त को सौंपने के बाद भी उपायुक्त द्वारा अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर फाइलों को मंजूरी दी जा रही हैं। अब इस मामले में 20 नवंबर को उपायुक्त भुवन गुप्ता और कार्यपालन यंत्री एनके डेहरिया को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है, जिसका तीन दिन बाद भी कोई जवाब नहीं दिया।
ईडब्ल्यूएस आवास मुक्त करने और भौतिक सत्यापन पर मांगा स्पष्टीकरण
- अपर आयुक्त अभिषेक सराफ द्वारा जारी किए गए नोटिस के अनुसार, गोविंदपुरा क्षेत्र में निजी प्रोजेक्टों के ईडब्ल्यूएस आवासों को गैरकानूनी तरीके से मुक्त करने और विकास अनुमतियां जारी करने में निर्धारित अधिकारों और प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। कुछ मामलों में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराए बिना न तो फाइलों की जांच कराई गई और न ही मौके का भौतिक सत्यापन हुआ।
नोटिस में उपायुक्त भुवन गुप्ता से पूछा गया है कि शक्ति आदेश के विपरीत किन प्रकरणों में फाइलें स्वीकृत कर विकास अनुमतियां जारी की गईं और निजी प्रोजेक्टों में ईडब्ल्यूएस आवास किस नियम के तहत मुक्त किए गए। संबंधित स्थलों के भौतिक सत्यापन और 30 अक्टूबर के प्रशासनिक आदेश के पालन में देरी पर भी स्पष्टीकरण मांगा है। यह भी पढ़ें- चित्रकूट में जुटेंगे मंत्री, 2 दिसंबर को अधिकारियों का नीति चिंतन शिविर; CM मोहन यादव ने दिए निर्देश
कार्यपालन यंत्री से पूछा- नस्तियां भेजने पर क्यों नहीं जताई आपत्ति
वहीं, कार्यपालन यंत्री एनके डेहरिया से पूछा गया है कि अधिकार क्षेत्र से बाहर की नस्तियां उपायुक्त को भेजने और स्वीकृति के बाद कार्रवाई करने के दौरान उन्होंने आपत्ति क्यों नहीं जताई। निजी प्रोजेक्टों में ईडब्ल्यूएस आवास मुक्त कराने के आधार, स्थल सत्यापन और 30 अक्टूबर के आदेश के पालन में देरी पर भी जवाब मांगा गया है। दोनों अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है। अभी तक इस संबंध जवाब प्राप्त नहीं हो सका है। अभिषेक सराफ, अपर आयुक्त, नगर निगम