
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दीपावली के बाद शहर की सड़कों और बाजारों में फैले कचरे को हटाने के लिए नगर निगम के अमले ने तत्काल सफाई शुरू कर दी थी। आतिशबाजी से निकले पटाखों के अवशेषों को सामान्य कचरे से अलग एकत्र किया गया, ताकि उनका अलग से निस्तारण किया जा सके। वहीं, सड़कों पर झाड़ू लगाने से पहले पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे धूल उड़कर हवा में न फैले।
निगम के अमले ने दीपावली के बाद निकले करीब 1500 टन कचरे को एकत्रित कर गार्बेज ट्रांसफर स्टेशनों तक पहुंचाया, जहां से उसे आदमपुर कचरा खंती भेज दिया गया। दीपावली के बाद फैले कचरे की निगम के अमले ने रात में ही सड़कों की सफाई कर दी थी, जिससे सुबह सड़कें साफ-सुथरी नजर आईं।
सोमवार सुबह छह बजे निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने न्यू मार्केट, एमपी नगर और आनंद नगर सहित विभिन्न बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। न्यू मार्केट में उन्होंने दुकानदारों को कचरा, पन्नियां और अन्य अपशिष्ट सड़क पर फेंकने के बजाय डस्टबिन में रखने और निगम के कचरा वाहनों को ही देने की समझाइश देने के निर्देश दिए।
इसके बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई करने को कहा। दीपावली के बाद सड़कों पर जमा धूल और कचरे को देखते हुए आयुक्त ने सफाई से पहले पानी का छिड़काव और जरूरत के अनुसार सड़कों व फुटपाथों की धुलाई कराने के निर्देश दिए। इसके बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में पानी का छिड़काव और सफाई शुरू की गई।
यह भी पढ़ें- भोपाल में AQI 400 पार, कुछ दिन मॉर्निंग वॉक से करें परहेज; 6 साल से छोटे बच्चे और बुजुर्ग घर में रहें
इसका उद्देश्य सफाई के दौरान धूल के कणों को हवा में फैलने से रोकना भी है। एमपी नगर में आयुक्त ने कचरा परिवहन व्यवस्था देखी और सड़कों व फुटपाथों की बेहतर सफाई कराने को कहा। आनंद नगर में उन्होंने सफाई मित्रों से काम के दौरान आने वाली परेशानियों की जानकारी ली और उनके साथ चाय पर चर्चा की।
यह भी पढ़ें- भोपाल के बाहरी इलाकों की बदलेगी तस्वीर, 20 हजार करोड़ में बनेगा 51 किमी लंबा ग्रोथ कॉरिडोर