
डिजिटल डेस्क। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्रों तक पहुंचने की राह एक बार फिर आसान होने जा रही है। राजा भोज एयरपोर्ट से प्रसिद्ध शक्तिपीठ दतिया और विश्व धरोहर स्थल खजुराहो के लिए सीधी उड़ानें दोबारा शुरू करने की तैयारी कर ली है। निजी विमानन कंपनी स्काईहाइप आगामी 1 नवंबर से इस सेवा को फिर से पटरी पर लाने जा रही है।
इसके लिए जरूरी 20 सीटर विमान भोपाल में तैयार खड़ा है और विमानन विभाग से अंतिम हरी झंडी मिलते ही टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी जाएगी। यात्रियों के लिए खास बात यह है कि कंपनी ने शुरुआती 5 सीटों का किराया केवल 1,000 रुपये तय किया है, जिसके बाद की सीटें नियमित दर पर मिलेंगी।
प्रस्तावित समय-सारणी के मुताबिक यह फ्लाइट सप्ताह में 6 दिन संचालित होगी। दोपहर 1:00 बजे यह विमान भोपाल से रवाना होकर दोपहर 2:05 बजे दतिया पहुंचेगा। इसके बाद दतिया से दोपहर 2:30 बजे उड़ान भरकर दोपहर 3:10 बजे खजुराहो पहुंचेगा। वापसी में यह विमान खजुराहो से दोपहर 3:30 बजे चलेगा और 4:10 बजे दतिया पहुंचेगा। वहां से शाम 4:30 बजे उड़ान भरकर शाम 5:35 बजे वापस भोपाल लौट आएगा।
इस उड़ान के फिर से बहाल होने से भोपाल और आसपास के लोगों को काफी राहत मिलेगी। मां पीतांबरा पीठ के दर्शन के लिए जाने वाले भक्तों और खजुराहो के ऐतिहासिक मंदिरों का दीदार करने वाले पर्यटकों का सफर अब घंटों के बजाय बेहद कम समय में तय हो जाएगा। तेज और आरामदायक सफर मिलने से न सिर्फ पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को गति मिलेगी, बल्कि प्रशासनिक व व्यापारिक कार्यों से आने-जाने वालों का समय भी बचेगा।
यह भी पढ़ें- शीतला माता मंदिर हादसे में देवदूत बनकर पहुंचे खदान में जेसीबी ऑपरेटर प्रिंस, ट्रक उठाकर बचाई घायलों की जान
दतिया रूट पर इससे पहले 4 जून 2024 को फ्लाई बिग कंपनी ने 19 सीटर प्लेन के साथ हवाई सेवा की शुरुआत की थी। 4 जून से 20 अक्टूबर के बीच दतिया हवाई अड्डे से भोपाल, खजुराहो और रीवा (कनेक्टिंग फ्लाइट्स) के लिए कुल 972 मुसाफिरों ने सफर किया था। हालांकि, 20 अक्टूबर को आखिरी उड़ान के बाद तकनीकी व अन्य कारणों के चलते इस सेवा को बंद करना पड़ा था।
स्काईहाइप के एयरपोर्ट मैनेजर राजेश दुबे के अनुसार, उड़ान शुरू करने से जुड़ी प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है। जैसे ही संबंधित विभागों से औपचारिक अनुमति हासिल होगी, तुरंत टिकटों की बुकिंग खोल दी जाएगी, जिससे यात्रियों को भोपाल और दतिया के बीच निर्बाध हवाई सफर की सुविधा मिल सकेगी।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में भाजपा नेता की गुंडागर्दी! बेटों के साथ मिलकर युवक को घर में घुसकर मारी गोली, CCTV में कैद वारदात