
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: लिंक रोड नंबर-1 स्थित अरेरा क्लब में रविवार सुबह लान टेनिस की ट्रेनिंग दे रहे कोच की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 45 वर्षीय संजीव कुमार आइएएस अधिकारियों और उनके बच्चों को टेनिस का प्रशिक्षण दे रहे थे। इसी दौरान करीब 11:05 बजे वह अचानक लान में गिर पड़े और बेहोश हो गए।
क्लब के स्टाफ ने उन्हें तत्काल सीपीआर दिया और पानी के छींटे मारे, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद उन्हें जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर डाक्टरों ने हार्ट अटैक की आशंका जताई है।
हबीबगंज थाना पुलिस के अनुसार संजीव कुमार मूलत: दिल्ली के रहने वाले थे। वह राष्ट्रीय स्तर के टेनिस खिलाड़ी रह चुके हैं। भोपाल में वह बीते तीन साल से कटारा हिल्स स्थित ग्लोबल पार्क सिटी में परिवार के साथ रहते थे। पिछले करीब दो साल से आइएएस अधिकारियों के क्लब अरेरा क्लब में टेनिस कोच के रूप में प्रशिक्षण दे रहे थे। इसके अलावा वह भेल स्पोर्ट्स क्लब में भी टेनिस ट्रेनर थे।
यह भी पढ़ें- दिवाली से पहले भोपाल प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: बैरसिया में पटाखा फैक्ट्री सील, क्षमता से अधिक मिला विस्फोटक