
डिजिटल डेस्क। दीवाली और छठ पर उत्तर प्रदेश और बिहार रहने वाले यात्री घर जाने के लिए खासे उत्साहित रहते हैं। इस दौरान ट्रेनों में भीड़ अक्सर बढ़ जाती है। ऐसे में यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए रेलवे ने एक अहम फैसला लिया है। उधना और जयनगर के बीच दो जोड़ी अनारक्षित (Unreserved) साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया गया है।
ये ट्रेनें 18 और 25 अक्टूबर को उधना से अपना सफर शुरू करेंगी। खास बात यह है कि मध्य प्रदेश के यात्रियों को भी इसका सीधा फायदा मिलेगा, क्योंकि ये स्पेशल ट्रेनें भोपाल मंडल के संत हिरदाराम नगर और बीना स्टेशन पर रुकते हुए जाएंगी।
ट्रेन संख्या 09073 (उधना-जयनगर स्पेशल) 18 और 25 अक्टूबर यानी रविवार के दिन सुबह 9:50 बजे उधना स्टेशन से रवाना होगी। रास्ते में संत हिरदाराम नगर होते हुए यह ट्रेन मंगलवार तड़के 5:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। वहीं, वापसी के सफर में ट्रेन नंबर 09074 जयनगर से 20 और 27 अक्टूबर (मंगलवार) को सुबह 9 बजे चलकर गुरुवार सुबह 7:30 बजे उधना वापस लौट आएगी।
यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दूसरी ट्रेन भी इसी रूट पर उतारी है। ट्रेन नंबर 09071 भी 18 और 25 अक्टूबर (रविवार) को दोपहर 3:45 बजे उधना से प्रस्थान करेगी और मंगलवार सुबह 11:30 बजे यात्रियों को जयनगर पहुंचाएगी। वापसी में जयनगर-उधना स्पेशल (09072) 20 और 27 अक्टूबर (मंगलवार) को दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर गुरुवार सुबह 8:30 बजे उधना पहुंचेगी।
गुजरात, एमपी, यूपी और बिहार के यात्रियों की सहूलियत के लिए इन दोनों ट्रेनों को कई अहम स्टेशनों पर हॉल्ट दिया गया है। ये ट्रेनें सफर के दौरान वडोदरा, रतलाम, नागदा, उज्जैन, संत हिरदाराम नगर, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी स्टेशनों पर रुकेंगी। यात्री अपने स्टेशन के हिसाब से ट्रेनों के ठहराव और समय की पूरी जानकारी भारतीय रेलवे की वेबसाइट या संबंधित ऐप के जरिए आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर हाईकोर्ट से बर्खास्त निगम कर्मचारी को राहत, बहाली की जगह अब मिलेगा 1.75 लाख रुपये का मुआवजा