
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। राजनीतिक बयानों और कांग्रेस के नैरेटिव का जवाब भाजपा सोशल मीडिया के माध्यम से देगी। कांग्रेस द्वारा इंटरनेट मीडिया पर चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों और दावों का मजबूती से जवाब देने के लिए भाजपा सोशल मीडिया कैंपेन चलाएगी। इसके माध्यम से भाजपा युवा पीढ़ी, विशेषकर 'जेन-जी' तक अपनी बात पहुंचाएगी।
विधानसभा और मंडल स्तर पर टीम बनाई जाएगी। सोशल मीडिया पर भी लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 50 नवयुवक इन्फ्लुएंसर्स के साथ संवाद किया जाएगा। इस पूरी कार्ययोजना को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को सोशल मीडिया विभाग की कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के, सह संयोजक शिवानंद द्विवेदी ने संबोधित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करती रही है। कांग्रेस का चरित्र, उसकी असलियत जनता को बताएं। राज्य के अंदर कई प्रकार की चुनौतियां है, अराजकता के इस माहौल में यह लोकतंत्र की लड़ाई है। कांग्रेस के लोग लोकतंत्र का मजाक बनाते आए हैं। इनको सड़क पर चलना नहीं आता है। व्यवस्थाओं पर प्रश्न उठाने की आड़ में अराजकता फैलाना चाहते हैं।
लोकतंत्र की लड़ाई में बड़ी भूमिका डिजिटल योद्धाओं की है, हम लोकतंत्र के सिपाही अपनी पूरी भूमिका लोकतंत्र को बचाने निभाएंगे। हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता विपक्ष के भ्रामक प्रचार का तथ्यों और तर्कों से जवाब दें। विपक्ष के झूठ को तथ्यों के साथ सोशल मीडिया के जरिए जनता तक पहुंचाएं। बिप्लब कुमार देब ने कहा कि कांग्रेस का असली मकसद देश को टुकड़े-टुकड़े करना है।
यह भी पढ़ें- 'पाकिस्तानी सेना के PRO जैसी भूमिका निभा रही है कांग्रेस', भाजपा नेता तरुण चुग ने राहुल-खरगे पर साधा निशाना
चंद्रशेखर ने कहा कि सोशल मीडिया कार्यकर्ता संगठन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं। दीपक म्हस्के ने कहा कि विपक्ष किसी विषय को बार-बार उठाकर उसे व्यापक चर्चा का हिस्सा बनाने का प्रयास करता है। समाचार और नैरेटिव में अंतर को समझना होगा। शिवानंद द्विवेदी ने कहा कि स्थानीय मुद्दों के जरिए प्रभावी नैरेटिव गढ़ें।
यह भी पढ़ें- खरगे के बयान पर भोपाल में बवाल... BJP ने किया कांग्रेस दफ्तर का घेराव, पुलिस ने दागी पानी की बौछारें