
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को दीपावली की खुशियों की तुलना ईद से करना भारी पड़ गया है। उनके बयान पर मध्य प्रदेश में सियासी घमासान शुरू हो गया है। हुजूर से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखा पलटवार करते हुए कांग्रेस पर सनातन संस्कृति और हिंदू पर्वों का अपमान करने का आरोप लगाया।
वहीं, मंत्री विश्वास सारंग ने भी खरगे के बयान को कांग्रेस की मानसिकता से जोड़ते हुए निशाना साधा। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बेंगलुरु में दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए इसे 'खुशियों को ईद' बताया था। उन्होंने कहा था कि दीपावली कई दिनों तक चलने वाला ऐसा पर्व है, जो लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एक साथ लाता है। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील भी की थी।
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के दिमाग में सिर्फ ईद बसी हुई है। पार्टी दीपावली, मां लक्ष्मी की आराधना और भारतीय संस्कृति के इस महापर्व की महत्ता भूल गई है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति पर भी तंज कसा। शर्मा ने कहा, खरगे जी, आपके ईद कहने से हमारी दीपावली खराब नहीं होगी। हमारी आतिशबाजी और मिठाइयां समाज में मिठास ही घोलेंगी।
वहीं मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि खरगे के मन की बात जुबां पर आ गई है। कांग्रेस को हिंदू त्योहारों से कोई मतलब नहीं है। उसके मन-मस्तिष्क में केवल ईद और क्रिसमस है। उन्होंने कांग्रेस पर सनातन और हिंदू दर्शन का विरोध करने का आरोप लगाते हुए बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
यह भी पढ़ें- 'पाकिस्तानी सेना के PRO जैसी भूमिका निभा रही है कांग्रेस', भाजपा नेता तरुण चुग ने राहुल-खरगे पर साधा निशाना
यह भी पढ़ें- मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर भड़के सीएम मोहन यादव, बोले- राजनीति के लिए दिवंगत व्यक्तियों को घसीटना दुर्भाग्यपूर्ण