PM मोदी के लोक सेवा के 25 साल पूरे, MP में 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, मुख्य सचिव ने दिए दिशा-निर्देश
सात अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से सेवा ज्योति कलश यात्रा निकलेगी।
Publish Date: Sun, 13 Sep 2026 07:43:53 AM (IST)Updated Date: Sun, 13 Sep 2026 07:55:49 AM (IST)
प्रदेश में 17 सितंबर से शुरू होगा जन सेवा संकल्प कार्यक्रम, नईदुनियाHighLights
- 17 सिंतबर से 17 अक्तूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
- जनभागीदारी और सरकार आपके द्वार समेत होंगे 25 कार्यक्रम
- मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने समीक्षा कर दिए दिशा-निर्देश
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोक सेवा में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मध्य प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान 2026 का आयोजन किया जाएगा। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने शनिवार को मंत्रालय में तैयारियों की समीक्षा की और सभी विभागाध्यक्षों को प्रभावी सहभागिता के निर्देश दिए।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को शाम सात बजे प्रदेशभर में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन से होगी। प्रत्येक जिले के 10 प्रमुख स्थानों, हितग्राही परिवारों के घरों, ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के वार्डों में दीप जलाए जाएंगे। महाकाल लोक, राम राजा लोक, सलकनपुर देवी लोक आदि में सामूहिक दीप प्रज्जवलन के कार्यक्रम किए जाएंगे।
इसी दिन सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से मेडिकल कॉलेज तक रक्तदान शिविर भी होंगे। सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार कार्यक्रम दो से 10 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में मेगा शिविर लगाकर हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
सेवा ज्योति यात्रा निकलेगी
सात अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से सेवा ज्योति कलश यात्रा निकलेगी। नौ और 10 अक्टूबर को भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ और आलीराजपुर में सेवा के रंग-राष्ट्र के संग कार्यक्रम में ह्यूमन रंगोली बनाई जाएगी। बैठक में अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, संजय दुबे, शिवशेखर शुक्ला, आयुक्त जनसंपर्क मनीष सिंह सहित अन्य विभाग प्रमुख उपस्थित रहे।