
राज्य ब्यूरो, भोपाल: मध्य प्रदेश में मतदाता सूची के शुद्धीकरण के लिए चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान में 34,25,078 मतदाताओं के नाम हटाए गए थे। कांग्रेस अब इन मतदाताओं का 22 से 30 नवंबर तक अभियान चलाकर सत्यापन कराने जा रही है।
इसके लिए प्रत्येक बूथ पर एक-एक वोट रक्षक नियुक्त किए जा रहे हैं, जो बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के साथ मंडलम अध्यक्ष भी हो सकते हैं। इनके अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी मतदाताओं का सत्यापन करने घर-घर जाना होगा। प्रतिदिन सत्यापन की रिपोर्ट www.iamvoterakshak.in पर दर्ज करनी होगी।
इसके निष्कर्षों के आधार पर वोट चोरी को लेकर विधानसभा, लोकसभा और प्रदेश स्तर की रिपोर्ट तैयार करके निर्वाचन आयोग को सौंपी जाएगी। कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे 'वोट बचाओ-देश बचाओ' कार्यक्रम के तहत अब दिल्ली में प्रदर्शन करने के स्थान पर राज्यों में गतिविधियां संचालित करने का निर्णय लिया गया है। इसमें संविधान रक्षा मार्च 26 नवंबर को होगा।
इसके पहले 22 नवंबर से एसआइआर में हटाए गए मतदाताओं के सत्यापन का अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए मंडलम के अध्यक्ष प्रत्येक बूथ पर वोट रक्षक बनाएंगे। इसमें बीएलए, बूथ कमेटी के सदस्य रहेंगे। इस पूरे अभियान की निगरानी केंद्रीय संगठन अपने पर्यवेक्षकों के माध्यम से करेगा।
यह भी पढ़ें- MP सरकार का कर्मचारियों को दीपावली गिफ्ट, चौथे, पांचवें और छठवें वेतनमान के DA में बड़ी बढ़ोतरी
साथ ही वाररूम पोर्टल के माध्यम से फीडबैक लेगा। इसमें वोट रक्षक को प्रतिदिन के काम का रिकार्ड दर्ज करना है। प्रदेश कांग्रेस के संगठन महासचिव संजय कामले का कहना है कि सत्यापन के निष्कर्ष के आधार पर 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक ग्राम चौपाल आयोजित करके बताया जाएगा कि वोट की चोरी हुई है।
यह भी पढ़ें- 65 साल पुराना पुलिस मैनुअल बदलेगा, AI और साइबर से क्रिमिनल्स पर कसा जाएगा शिकंजा