
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल : उत्तर भारत के पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश में साफ दिखने लगा है। प्रदेश में हवाओं का रुख उत्तरी होने से इस सीजन में पहली बार बुधवार को राजधानी भोपाल में दिन के समय भी हल्की ठंडक महसूस हुई। भोपाल समेत प्रदेश के 21 जिलों में दिन का पारा 28 से 29 डिग्री के बीच रिकार्ड हुआ।
बंगाल की खाड़ी में बने तूफान अकवान के असर से 20 नवंबर से प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में वर्षा का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दिन के तापमान में सबसे बड़ी गिरावट गुना में दर्ज की गई, जहां पारा 3.5 डिग्री लुढ़ककर 28.8 डिग्री पर आ गया। बालाघाट जिले का मलाजखंड 24.4 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ दिन में सबसे ठंडा रहा।
दूसरी ओर, रात की ठंड भी अब तेवर दिखाने लगी है। पिछले 24 घंटों में 20 से ज्यादा शहरों का न्यूनतम तापमान नीचे गिरा है। उमरिया 10.9 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जबकि रीवा में 11.0 डिग्री और दमोह में 11.2 डिग्री में भी रातें सर्द रहीं। सिवनी में रात का पारा सबसे ज्यादा 3.2 डिग्री लुढ़का। भोपाल में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री गिरकर 13.0 डिग्री पर पहुंच गया, जिससे सुबह और देर रात की ठिठुरन बढ़ गई है। जबलपुर में पारा सामान्य से 2.5 डिग्री कम रहा और 11.9 डिग्री दर्ज हुआ।
मौसम विज्ञानी बीएस यादव ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय तूफान अकवान का असर 20 नवंबर से प्रदेश में दिखेगा, जिसके चलते अभी से कहीं-कहीं हल्के बादल छाने लगे हैं। 20 नवंबर को सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, डिंडोरी, अनूपपुर, मंडला और बालाघाट के अधिकांश इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज वर्षा हो सकती है। इसके अलावा छतरपुर, पन्ना, दमोह, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं।
यह भी पढ़ें- बिजली विभाग के संविदा कर्मचारियों को झटका, नियमितीकरण की योजना से सरकार का इनकार
नोट
यह भी पढ़ें- MP सरकार का कर्मचारियों को दीपावली गिफ्ट, चौथे, पांचवें और छठवें वेतनमान के DA में बड़ी बढ़ोतरी